इंदौर: सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता नाजिया इलाही खान अपने हालिया बयानों को लेकर चर्चा में हैं। इंदौर प्रवास के दौरान उन्होंने आगामी सर्वपितृ अमावस्या पर उज्जैन पहुंचकर अपने दिवंगत पूर्वजों के लिए श्राद्ध और तर्पण करने की बात कही है।नाजिया इलाही खान ने कहा कि वह महाकाल की नगरी उज्जैन में विधि-विधान के साथ अपने पूर्वजों का तर्पण करेंगी।
गरबा में मुस्लिम युवकों के शामिल होने का क्या औचित्य ?
इसी दौरान उन्होंने गोमूत्र के सेवन को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने मुसलमानों को गोमूत्र पीने की बात कही। इसके अलावा नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाया।
उन्होंने कहा कि गरबा आयोजनों में मुस्लिम युवकों के शामिल होने का क्या औचित्य है। उनके इन बयानों के बाद सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
अक्टूबर को उज्जैन में करेंगी तर्पण
हिंदू परंपराओं के अनुसार 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या के साथ श्राद्ध पक्ष का समापन हो रहा है। इस मौके पर उज्जैन में एक अनोखा दृश्य देखने को मिलेगा, जब एक मुस्लिम महिला अपने पितरों की शांति के लिए श्राद्ध कर्म करेंगी। नाजिया इलाही खान ने बताया कि पिछले कई वर्षों से उनके मन में अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की इच्छा थी, जिसे वे इस बार मध्य प्रदेश की पावन धरती उज्जैन में पूरा करने जा रही हैं।
ये भी पढ़ें: SIR में छूटे नाम जुड़वाने भोपाल में 2 दिन शिविर, 3.88 लाख नामों की जांच शुरू
मुसलमानों को पीना चाहिए गोमूत्र
गोमूत्र को लेकर दिए गए अपने बयान में नाजिया ने दावा किया कि वे खुद नियमित रूप से गोमूत्र का सेवन करती हैं और इससे स्वास्थ्य अच्छा रहता है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को भी गोमूत्र पीना चाहिए। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि गोमूत्र का सेवन करने और सनातन परंपराओं का समर्थन करने के कारण उन्हें लगातार धमकियाँ मिल रही हैं, यहां तक कि पाकिस्तान से भी उन्हें धमकियां दी गईं और समुदाय से बाहर करने की बातें कही गईं।

