न्यू ईयर सेलिब्रेशन बना मातम; हैदराबाद में बिरयानी खाने के बाद एक की मौत, 15 की हालत बिगड़ी

शेयर करे

हैदराबाद में नए साल की पार्टी मातम में बदल गई। जश्न के दौरान दोस्तों ने बिरयानी खाई। जिसके बाद अचानक सभी दोस्तों की तबीयत बिगड़ गई। जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग बीमार पड़ गए। यह घटना मेडचल–मलकाजगिरी जिले के भवानी नगर इलाके की बताई जा रही है।

घर लौटते वक्त युवक की मौत

जानकारी के मुताबिक, 31 दिसंबर और 1 जनवरी की दरम्यानी रात 17 दोस्तों ने भवानी नगर वेलफेयर एसोसिएशन परिसर में न्यू ईयर पार्टी आयोजित की थी। पार्टी के दौरान सभी ने साथ बैठकर बिरयानी खाई और शराब का सेवन किया।

पार्टी खत्म होने के बाद जब सभी अपने-अपने घर लौट रहे थे, तभी 53 वर्षीय पांडु की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर दोस्त उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

अस्पताल में भर्ती 15 लोग

पांडु की मौत के बाद पार्टी में शामिल 15 अन्य दोस्तों को भी उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। बीमार हुए सभी लोगों को इलाज के लिए नारायणा मल्ला रेड्डी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग को मौत और बीमारी की मुख्य वजह माना जा रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस घटना के बाद जगदगिरिगुट्टा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही अधिकारियों ने पार्टी में बचे हुए खाने और शराब के सैंपल जब्त कर लैब जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।