मेलबर्न। भारत में जन्मे ऑलराउंडर निखिल चौधरी का सपना आखिरकार सच हो गया है। पंजाब की धरती से क्रिकेट का सफर शुरू करने वाले निखिल को पहली बार ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टी-20 टीम में शामिल किया गया है। 30 वर्षीय खिलाड़ी को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम में जगह मिली है। उन्हें स्टार बल्लेबाज ट्रैविस हेड की जगह स्क्वॉड में शामिल किया गया है, जिन्हें आराम दिया गया है।
कौन है निखिल चौधरी?
निखिल चौधरी भारत के पंजाब में जन्मे 30 वर्षीय प्रतिभाशाली ऑलराउंडर हैं, जो दाएं हाथ से बल्लेबाजी और ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत पंजाब से की थी, लेकिन 2020 में ऑस्ट्रेलिया जाने के बाद वहां के घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर अपनी अलग पहचान बनाई। तस्मानिया और बिग बैश लीग की टीम होबार्ट हरिकेंस के लिए लगातार बेहतरीन खेल दिखाने के बाद उन्हें अब ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टी-20 टीम में जगह मिली है। भारतीय मूल के इस खिलाड़ी का ऑस्ट्रेलियाई टीम तक पहुंचने का सफर मेहनत, संघर्ष और शानदार प्रदर्शन की मिसाल माना जा रहा है।
कैसे शुरू हुआ सफर?
बता दें निखिल चौधरी ने भारत में घरेलू क्रिकेट खेलते हुए अपने करियर की शुरुआत की। वे पंजाब के लिए आयु वर्ग और घरेलू स्तर पर क्रिकेट खेल चुके हैं। हालांकि भारत में उन्हें बड़े स्तर पर अवसर नहीं मिल सके, लेकिन किस्मत ने उनके लिए कुछ और ही तय कर रखा था।
साल 2020 में निखिल अपने चाचा से मिलने ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड गए थे। इसी दौरान कोविड-19 महामारी फैल गई और ऑस्ट्रेलिया ने अपने अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर बंद कर दिए। हालात ऐसे बने कि निखिल को वहीं रुकना पड़ा। यही वह मोड़ था जिसने उनके क्रिकेट करियर की दिशा बदल दी।
ऑस्ट्रेलिया में निखिल ने स्थानीय ग्रेड क्रिकेट खेलना शुरू किया। उनके शानदार प्रदर्शन पर क्रिकेट विशेषज्ञों की नजर पड़ी। धीरे-धीरे उन्हें तस्मानिया की टीम में मौका मिला और फिर बिग बैश लीग (BBL) में होबार्ट हरिकेंस के लिए खेलने का अवसर मिला।
ऑस्ट्रेलिया टीम का टिकट मिला
निखिल ने लगातार तीन सीजन तक होबार्ट हरिकेंस के लिए शानदार प्रदर्शन किया। 2024-25 सीजन में उन्होंने टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। बल्ले और गेंद दोनों से दमदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। इसके बाद शेफील्ड शील्ड में शतक और पांच विकेट लेकर उन्होंने अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी।
हरिकेंस को दिलाया खिताब
जानकारी के मुताबिक, निखिल चौधरी ने 2024-25 बिग बैश लीग सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए होबार्ट हरिकेंस को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन कर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा।
हाल ही में उन्होंने शेफील्ड शील्ड में अपना पहला प्रथम श्रेणी शतक लगाया और पहली बार एक पारी में पांच विकेट भी झटके, जिससे उनकी ऑलराउंड क्षमता और मजबूत हुई।
अब इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार
30 वर्षीय निखिल चौधरी को अब बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। दिलचस्प बात यह है कि वे अभी ऑस्ट्रेलियाई नागरिक नहीं हैं, लेकिन ICC के निवास नियमों को पूरा करने के कारण ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने के पात्र हैं।
ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने कहा कि निखिल लंबे समय से राष्ट्रीय टीम की संभावित सूची में शामिल थे और घरेलू क्रिकेट में उनका लगातार प्रदर्शन चयन का आधार बना।
17 जून से शुरू होगी सीरीज
सूत्रों के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज 17 जून से शुरू होगी। क्रिकेट फैंस की नजरें अब निखिल चौधरी पर होंगी, जो अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में इतिहास रचने की तैयारी कर रहे हैं।

