दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया जिले में कलेक्टर के साथ तीखी बहस के बाद चर्चा में आए तहसीलदार अमित दुबे की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दतिया से भांडेर स्थानांतरित किए जाने के बाद अब प्रशासन ने उन्हें सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया है। कार्रवाई लोक परिसर बेदखली अधिनियम के तहत शुरू की गई है।
तबादले के बाद सरकारी आवास खाली करने के निर्देश
हाल ही में कलेक्ट्रेट में आयोजित समय-सीमा बैठक के दौरान तहसीलदार अमित दुबे और कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के बीच विवाद हुआ था। दोनों अधिकारियों के बीच कहासुनी के बाद प्रशासन ने दुबे का दतिया से भांडेर तबादला कर दिया था। उन्हें भांडेर में कार्यपालिक दंडाधिकारी का प्रभार सौंपा गया है।
ये भी पढ़े शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग: दिग्विजय सिंह ने दिया समर्थन, शिक्षक दिवस तक फैसला नहीं तो करेंगे भूख हड़ताल
तबादले के बाद दतिया एसडीएम ने सिविल लाइन पंचशील नगर स्थित सरकारी आवास एफ-78 खाली करने का नोटिस जारी किया है। प्रशासन के मुताबिक यह आवास अब नायब तहसीलदार समीक्षा गुर्जर को आवंटित किया जा चुका है।
4 सितंबर को होगी सुनवाई
मामले में 4 सितंबर को एसडीएम न्यायालय में सुनवाई निर्धारित की गई है। प्रशासन ने कहा है कि तय समय में आवास खाली नहीं करने पर पुलिस बल की सहायता से बेदखली की कार्रवाई की जा सकती है।
नोटिस लेने से इनकार करने पर उसे मकान के मुख्य दरवाजे पर चस्पा किया जाएगा। इसके बाद भी आवास खाली नहीं करने पर नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई की जाएगी।

