भूमि विवाद को लेकर तलवार डंडे चले, एक की मौत 8 लोग गंभीर रूप से हुए घायल
6 की स्थिति नाजुक, जिला चिकित्सालय किया गया रेफर, उपचार जारी
रायसेन। जिले की बेगमगंज तहसील मुख्यालय से लगे ग्राम खिरेंटी में भूमि विवाद के चलते परिवार जन आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि खून खराबे कि स्थिति बन गई। जिसमें एक की मौत हो गई है वहीं 2 लोगों को मामूली चोटें आई तो 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर स्थिति में घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उपचार जारी है। मामले की सूचना बेगमगंज पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
बता दें कि ग्राम खिरेंटी में रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक परिवार में चल रहे पुराने भूमि संबंधी विवाद को लेकर आपस में रिश्तेदारों के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में जमकर धारदार हथियार फरसा, कतरना, तलवार एवं लाठियां भांजी गई।
यह हुए हैं घायल
विवाद के दौरान एक पक्ष के वृंदावन कुशवाहा 40 वर्ष, रोहित कुशवाहा 22 साल, धनसिंह कुशवाहा 50 वर्ष एवं अंजली कुशवाहा एवं दूसरे पक्ष के थानसिंह कुशवाहा 50 वर्ष, राजा भाई कुशवाहा, शिवराज सिंह कुशवाहा, नरेंद्रसिंह कुशवाहा एवं शीलाबाई कुशवाहा गंभीररूप से घायल हुए हैं।
एक की हुई मौत
वहीं थानसिंह कुशवाहा 50 वर्ष की मौत हो गई जबकि दोनों पक्षों से 8 घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों पक्षों के 6 घायलों राजा भाई कुशवाहा, अंजली बाई कुशवाहा, रोहित कुशवाहा, शिवराजसिंह कुशवाहा एवं नरेंद्र सिंह कुशवाहा की स्थिति गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रायसेन रेफर किया गया है।
गत वर्ष भी थाने पहुंचा था मामला
दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं इनके बीच भूमि विवाद पिछले कुछ वर्षों से चल रहा है और गत वर्ष भी दोनों पक्षों ने आपसी झड़प के बाद एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट की थीं। लेकिन रविवार को एक बार फिर बातों ही बातों में विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जिसमें एक अधेड़ की मौत और 8 लोग घायल हुए हैं।
इनका कहना है
थानाप्रभारी राजीव उईके ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर एक पक्ष पर हत्या एवं हत्या का प्रयास एवं दूसरे के विरुद्ध भी हत्या का प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्जकर विवेचना में लिया है। दोनों पक्षों से आरोपियों के घायल होने एवं अस्पताल में चल रहे इलाज के कारण अभी गिरफ्तार नहीं किया है लेकिन उनका इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है।


