राजस्व मंत्री पर नेता प्रतिपक्ष का वार, यह महिला-विरोधी मानसिकता का प्रमाण

इछावर। लाड़ली बहनों को लेकर राजस्व मंत्री करण वर्मा के बयान ने प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इसे भाजपा की कार्यशैली और महिला सम्मान पर हमला बताया है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राजस्व मंत्री करण वर्मा द्वारा लाड़ली बहनों को मंच पर बुलाने और न आने पर नाम काटने की चेतावनी को सत्ता का दुरुपयोग और महिला-विरोधी मानसिकता का प्रमाण बताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि भाजपा नेताओं की कार्यशैली अब लाडली बहनों के स्वाभिमान को चोट पहुँचाने तक पहुंच गई है।
सिंघार ने सरकार के वादों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पहले 3000 रुपये देने के वादे किए गए, फिर राशि 1500 पर अटक गई, और अब जब महिलाएं अपना हक मांग रही हैं तो उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा मंत्री विजय शाह द्वारा लाडली बहनों और कर्नल सोफिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं, लेकिन पार्टी ने चुप्पी साध ली।
विपक्ष का आरोप है कि भाजपा सरकार महिलाओं को अधिकार देने की बजाय उन्हें नियंत्रित करने वाली भाषा का प्रयोग कर रही है, जो प्रदेश में महिला सम्मान की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *