शिवपुरी: जिले के कोलारस क्षेत्र में पुलिस प्रताड़ना से तंग आकर एक युवक अपने 3 बच्चों और पत्नी सहित पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक ने एक दूधमुंहे बच्चे को नीचे फेंकने की धमकी दी जिससे मौके पर भारी तनाव फैल गया। करीब एक घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद थाना प्रभारी की सूझबूझ से परिवार को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम 5 बजे जगतपुर निवासी सागर पुत्र बालू वाल्मीकि रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित निर्माणाधीन पार्क की पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसके साथ उसकी पत्नी मनीषा और तीन मासूम बच्चे भी टंकी पर पहुंच गए। सागर का आरोप था कि कोलारस थाने के कुछ पुलिसकर्मी रणवीर यादव, दीपक जाट और रामवरण आए दिन उसके घर में घुसकर बेवजह परेशान करते हैं। उसे झूठे आपराधिक मामलों और चोरी के केस में फंसाने की धमकी दी जाती है। तथा पैसों की मांग की जाती है। इसी गंभीर मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
टंकी पर चढ़कर सागर ने अपने दूधमुंहे बच्चे को नीचे लटकाते हुए उसे फेंकने की चेतावनी भी दी। जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। घटना की सूचना मिलते ही कोलारस थाना प्रभारी पुनीत वाजपेयी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: चीनी की कीमतों में मिल सकती है राहत, सरकार ने 31 दिसंबर तक बढ़ाई ड्यूटी फ्री आयात की समयसीमा
थाना प्रभारी ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने एक अन्य युवक को टंकी पर भेजकर सागर से मोबाइल पर बात की। थाना प्रभारी ने उसे भरोसा दिलाया कि उसे किसी भी प्रकार की अन्यायी प्रताड़ना का सामना नहीं करना पड़ेगा और उसकी शिकायत पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। इस भरोसे के बाद सागर और उसका परिवार करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतर आया।

