नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह जॉर्डन के लिए रवाना हो गए हैं। पीएम मोदी 15 से 18 दिसंबर तक जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की त्रिपक्षीय विदेश यात्रा पर रहेंगे। जानकारी अनुसार यह यात्रा जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन के विशेष निमंत्रण पर हो रही है।
15–16 दिसंबर तक जॉर्डन में रहेंगे पीएम
प्रधानमंत्री मोदी 15 और 16 दिसंबर को जॉर्डन में रहेंगे। इस दौरान वे किंग अब्दुल्ला के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बातचीत में भारत-जॉर्डन संबंधों, क्षेत्रीय सुरक्षा, ऊर्जा और कृषि सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
रणनीतिक रूप से अहम है जॉर्डन
जॉर्डन भारत के लिए रणनीतिक और आर्थिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण साझेदार है। भारत अपनी करीब 40 प्रतिशत उर्वरक (फर्टिलाइजर) की जरूरत जॉर्डन से पूरी करता है। इसके अलावा रक्षा, शिक्षा और निवेश के क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष
यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और जॉर्डन के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसे दोनों देशों के रिश्तों में नई मजबूती और भरोसे का प्रतीक माना जा रहा है।
प्रोटोकॉल तोड़कर हुई थी ऐतिहासिक मुलाकात
बता दें 10 फरवरी 2018 को पीएम मोदी फिलिस्तीन की यात्रा पर जा रहे थे। सीधी उड़ान न होने के कारण उनका विमान अम्मान एयरपोर्ट पर उतरा। यह केवल 2 घंटे की ट्रांजिट यात्रा थी, लेकिन इसके बावजूद जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला स्वयं पीएम मोदी से मिलने एयरपोर्ट पहुंचे।
उस ऐतिहासिक मुलाकात के करीब 15 दिन बाद किंग अब्दुल्ला भारत आए थे, जहां पीएम मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया था। अब 7 साल बाद एक बार फिर पीएम मोदी जॉर्डन के दौरे पर हैं, जिससे दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।


