भोपाल। मप्र को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस ने व्यापक रणनीति तैयार की है। राज्यभर में मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसने के साथ-साथ नशे के कारोबार में शामिल बड़े तस्करों और उनके नेटवर्क की निगरानी बढ़ाई जा रही है। इसी कड़ी में पिछले 10 वर्षों में पकड़े गए नशा तस्करों का विस्तृत डेटाबेस तैयार किया जा रहा है, ताकि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पहली बार एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार हुए तस्करों का इतने लंबे समय का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संकलित किया जा रहा है। इसके तहत संबंधित आरोपियों को थानों में बुलाकर डोजियर भरवाए जा रहे हैं, जिनमें उनके आपराधिक इतिहास, जेल से रिहाई के बाद की गतिविधियों, सहयोगियों और सक्रिय क्षेत्रों की जानकारी दर्ज की जा रही है।
राज्य में 15 से 31 जुलाई तक ‘नशे से दूरी है जरूरी’ महाअभियान चलाया जाएगा। इस दौरान न केवल नशा तस्करों के खिलाफ विशेष कार्रवाई होगी, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए जागरूकता और पुनर्वास कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान की निगरानी स्वयं डीजीपी कैलाश मकवाना करेंगे।
पुलिस अब उन आदतन तस्करों की जमानत रद्द कराने की तैयारी भी कर रही है, जो बार-बार गिरफ्तारी के बावजूद जेल से बाहर आते ही फिर से नशे के कारोबार में सक्रिय हो जाते हैं। इसके लिए न्यायालयों में विशेष आवेदन दायर किए जाएंगे। साथ ही हर महीने नशे के कारोबारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा भी की जा रही है।

