छतरपुर। जिले में पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की अवैध खेती को नष्ट कर दिया। गढ़ीमलहरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ढाई बीघा से अधिक भूमि पर उगाई गई अफीम की फसल को जब्त कर नष्ट कर दिया।
पुलिस को पिछले कई दिनों से क्षेत्र में अवैध नशे की खेती किए जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ग्राम पंचायत उर्दमऊ और खिरी के बीच स्थित एक खेत में पहुंची, जहां बड़े पैमाने पर अफीम के पौधे लगाए गए थे।
पुलिस अधीक्षक आगम जैन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में लाखों रुपये मूल्य की अफीम की फसल को नष्ट किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेती मलखान कुशवाहा के खेत में की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि इस अवैध खेती में लगभग छह लोगों की संलिप्तता है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार और खेती में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छतरपुर में अवैध अफीम की खेती पर पुलिस की कार्रवाई, ढाई बीघा फसल नष्ट


