Monday, November 9, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsदुर्गा उत्सव-दशहरे पर पुलिस की छुट्टियां रद्द: 11 से 25 अक्टूबर तक...

दुर्गा उत्सव-दशहरे पर पुलिस की छुट्टियां रद्द: 11 से 25 अक्टूबर तक अवकाश पर रोक

भोपाल: दुर्गा उत्सव और दशहरे के दौरान मध्यप्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की सामान्य छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश के अनुसार प्रदेशभर में 11 से 25 अक्टूबर तक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सामान्य अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा।

पुलिस मुख्यालय ने यह आदेश सभी स्पेशल डीजी, एडीजी, जोनल आईजी, भोपाल और इंदौर पुलिस कमिश्नर, जिला पुलिस अधीक्षकों, सेनानियों और रेल पुलिस अधीक्षकों को भेजा है। अधिकारियों को त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आपात स्थिति में ही मिल सकेगी छुट्टी

आदेश के मुताबिक किसी आपात स्थिति में संबंधित एसपी या आईजी सीमित अवधि के लिए अवकाश स्वीकृत कर सकेंगे। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को छुट्टी लेने के लिए डीजीपी की अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

नवरात्र से दशहरे तक सुरक्षा पर जोर

नवरात्र के दौरान शहरों और कस्बों में देवी पंडाल, गरबा और धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है। कई आयोजन देर रात तक चलते हैं। इसके बाद दशहरे पर रावण दहन, चल समारोह और प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ और यातायात का दबाव बढ़ जाता है।

इसी को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, पैदल गश्त और फ्लैग मार्च करने के साथ लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस थानों में भी पर्याप्त बल उपलब्ध रहेगा, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

सोशल मीडिया और साइबर गतिविधियों पर नजर

त्योहारों के दौरान अफवाह, भड़काऊ सामग्री और असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल, साइबर विंग और स्थानीय खुफिया इकाइयों को भी अलर्ट किया गया है। संदिग्ध या आपत्तिजनक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें: धनंजय डी सिल्वा ने छोड़ी श्रीलंका की टेस्ट कप्तानी, बोले- जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपने का समय

लगातार ड्यूटी करने वालों को मिलेगा क्षतिपूर्ति अवकाश

त्योहारों के दौरान लगातार ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को बाद में रोटेशन के आधार पर क्षतिपूर्ति अवकाश दिया जाएगा। इसके अलावा ड्यूटी पॉइंट पर जवानों के लिए भोजन, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय का मानना है कि त्योहारों के दौरान पर्याप्त बल की उपलब्धता से संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत रखने और किसी भी आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन