उज्जैन: जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र में एक पुराने मारपीट के मामले में पूछताछ करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला हो गया। ग्राम नागझिरी में पुलिस आरोपी सरदार बंजारा के घर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी, उसके परिजनों और आसपास के लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर और डंडों से हमला कर दिया। घटना में सब-इंस्पेक्टर धारा सिंह चावड़ा समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
उज्जैन में पुलिस टीम पर हमला
उज्जैन ग्रामीण एडिशनल एसपी करणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम पुराने मामले में पूछताछ करने गई थी। पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही लोगों ने हमला कर दिया। घायलों में एक सब-इंस्पेक्टर, एक महिला प्रधान आरक्षक और दो आरक्षक शामिल हैं।
मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है। इनमें से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि बाकी छह आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है।
एडिशनल एसपी के मुताबिक, जिन लोगों से पूछताछ करने पुलिस पहुंची थी, उनके खिलाफ पहले भी मारपीट और गाली-गलौज के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: भोपाल में चलती थार की छत पर बैठे लड़का-लड़की, जानलेवा स्टंट का वीडियो वायरल

