नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में अटल इनोवेशन मिशन (AIM) के ग्रासरूट इनोवेटर्स (जमीनी स्तर के नवप्रवर्तकों) से मुलाकात की और उनके अभिनव मॉडलों एवं तकनीकी समाधानों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि ग्रासरूट नवाचार समाज की वास्तविक जरूरतों से जुड़े होते हैं। ये स्थानीय अनुभव, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार केवल तकनीकी समाधान नहीं, बल्कि लोगों के जीवन को सरल और बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम भी हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु ने नवप्रवर्तकों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और नवाचार के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रेरणादायी कार्य किया है।
यह भी पढ़ें-
UPITS-2026 को वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी, CM योगी ने दिए बड़े निर्देश
उन्होंने कहा कि अटल इनोवेशन मिशन देश में नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जमीनी स्तर पर विकसित समाधान स्थानीय समस्याओं का प्रभावी और टिकाऊ समाधान प्रस्तुत करते हैं तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अहम योगदान देते हैं।

राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि देश के ये नवप्रवर्तक भविष्य में भी अपने अभिनव प्रयासों से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक विकास और तकनीकी प्रगति को नई दिशा देते रहेंगे।

