Monday, November 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsनिजी कॉलेज खोलने और नए कोर्स शुरू करने के आवेदन 7 दिसंबर...

निजी कॉलेज खोलने और नए कोर्स शुरू करने के आवेदन 7 दिसंबर तक, पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन

भोपाल: मध्य प्रदेश में नए निजी कॉलेज खोलने और पहले से संचालित कॉलेजों में नए विषय, संकाय या पाठ्यक्रम शुरू करने की अनुमति लेने की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन होगी। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 से नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत इच्छुक संस्थान 7 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन से लेकर अनुमति मिलने तक सभी चरण पोर्टल के माध्यम से पूरे किए जाएंगे।

विभाग का मानना है कि ऑनलाइन व्यवस्था से अनुमति प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और आवेदनों के निराकरण में होने वाली देरी कम होगी। साथ ही दस्तावेजों की जांच और आवेदन की प्रत्येक स्तर पर निगरानी करना आसान होगा।

जमीन के दस्तावेजों का भी होगा सत्यापन

नए कॉलेज खोलने के लिए संस्थानों को जमीन के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज, खसरा या बी-1 और जमीन का नक्शा ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इन दस्तावेजों का भू-अभिलेख पोर्टल के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। इससे जमीन से जुड़े फर्जी दस्तावेजों और गलत दावों की पहचान हो सकेगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन शुल्क जमा करने और फॉर्म लॉक करने के बाद उसमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकेगा। इसलिए संस्थानों को आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारियों और दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करनी होगी।

जिलाधिकारी की टीम करेगी मौके पर जांच

ऑनलाइन आवेदन मिलने के बाद उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी दस्तावेजों और संस्थान की ओर से दी गई जानकारियों की जांच करेंगे। आवेदन में कोई कमी पाए जाने पर संबंधित संस्था को उसे दूर करने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद आवेदन संबंधित जिले के जिलाधिकारी को भेजा जाएगा।

जिलाधिकारी की ओर से गठित टीम मौके पर पहुंचकर जमीन और उपलब्ध सुविधाओं का भौतिक निरीक्षण करेगी। टीम में लीड कॉलेज, राजस्व विभाग के अधिकारी और विषय विशेषज्ञ शामिल रहेंगे। निरीक्षण के बाद रिपोर्ट उच्च शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर अनुमति देने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: जबलपुर में महिला कैशियर पर 7.50 लाख रुपए के गबन का आरोप

फैसले के खिलाफ अपील का भी मौका

उच्च शिक्षा विभाग के निर्णय से असंतुष्ट संस्थान ऑनलाइन पुनर्विलोकन यानी दोबारा जांच के लिए आवेदन कर सकेंगे। पुनर्विलोकन आवेदन खारिज होने की स्थिति में निर्धारित समयसीमा के भीतर विभाग के अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव के समक्ष अपील की जा सकेगी।

नए कॉलेज खोलने और मौजूदा संस्थानों में पाठ्यक्रम विस्तार से जुड़े नियम पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी होने पर संस्थान हेल्पलाइन नंबर 7694009758 या ई-मेल dhe_noc_support@itscglobal.com पर संपर्क कर सकते हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन