भोपाल। मप्र से राज्यसभा की तीन सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। निर्वाचन आयोग ने 18 जून को मतदान की तारीख घोषित कर दी है। इसी के साथ कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों में उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन तेज हो गया है।
कांग्रेस की ओर से इस बार सबसे ज्यादा चर्चा नए चेहरे को लेकर है, क्योंकि वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पहले ही चुनाव लड़ने से इनकार कर चुके हैं। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, अरुण यादव, कमलेश्वर पटेल और सज्जन सिंह वर्मा जैसे नेताओं के नाम चर्चा में हैं।
वहीं भाजपा की रणनीति अनुभव और सामाजिक समीकरणों पर केंद्रित नजर आ रही है। पार्टी केंद्रीय राज्यमंत्री जार्ज कुरियन को दोबारा राज्यसभा भेज सकती है। दक्षिण भारत में पार्टी के प्रमुख ईसाई चेहरे माने जाने वाले कुरियन केंद्र सरकार में मत्स्य पालन, पशुपालन, डेयरी और अल्पसंख्यक मामलों से जुड़े मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं।राज्यसभा की दूसरी सीट पर भाजपा आदिवासी प्रतिनिधित्व को लेकर भी गंभीर मंथन कर रही है। वर्तमान सांसद सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका मिलने के बाद अब उनकी जगह किसी नए आदिवासी चेहरे को मौका दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
उधर कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती विधानसभा में संख्या संतुलन बनाए रखने की है। दतिया विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने और विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा के मतदान नहीं कर पाने से पार्टी की स्थिति कमजोर हुई है। बीना विधायक निर्मला सप्रे का रुख भी फिलहाल स्पष्ट नहीं माना जा रहा, जिससे कांग्रेस की रणनीति और जटिल हो गई है। प्रदेश की इन तीन सीटों पर होने वाला चुनाव केवल सांसद चुनने तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे 2028 विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों की राजनीतिक दिशा और संगठनात्मक ताकत की परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है।

