मुंबई: रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट-1’ एक बार फिर चर्चा में है। पहले फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज होने वाला था, लेकिन मेकर्स ने आखिरी समय पर इसे पोस्टपोन कर दिया। इस फैसले से कई फैंस निराश नजर आए। इसी बीच, रामानंद सागर की लोकप्रिय टीवी सीरीज ‘रामायण’ में माता सीता का किरदार निभाने वालीं अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने फिल्म में सीता के लुक और प्रस्तुति को लेकर सवाल उठाए हैं।
सीता के लुक को लेकर जताई आपत्ति
एक इंटरव्यू में दीपिका चिखलिया ने कहा कि, धार्मिक ग्रंथों में माता सीता का जो वर्णन मिलता है, उसमें उनके लंबे बाल, बादाम जैसी आंखें और एक विशेष व्यक्तित्व का उल्लेख है। उनके अनुसार, रामानंद सागर ने भी इन्हीं विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए उनका चयन किया था।
दीपिका ने कहा कि, आज भी लोग उन्हें सीता के रूप में ही पहचानते हैं और यह किरदार उनकी सबसे बड़ी पहचान बन चुका है। उनका मानना है कि टीवी की ‘रामायण’ का प्रभाव आज भी दर्शकों के बीच बेहद मजबूत है, इसलिए नई फिल्म के लिए उस छवि से आगे निकलना आसान नहीं होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि उपलब्ध धार्मिक वर्णनों में कहीं भी माता सीता के घुंघराले बालों का उल्लेख नहीं मिलता, जबकि फिल्म में अभिनेत्री साई पल्लवी का लुक अलग दिखाई देता है।
ये भी पढ़े
सचिव जी की ‘Dalimb’ का रोंगटे खड़े कर देने वाला टीजर रिलीज!
अन्नू कपूर ने भी उठाए थे सवाल
इससे पहले अभिनेता अन्नू कपूर भी फिल्म ‘रामायण’ की कास्टिंग पर अपनी राय रख चुके हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि, धार्मिक और ऐतिहासिक पात्रों पर फिल्म बनाते समय कलाकारों के चयन को लेकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीक के स्तर पर फिल्म भले ही भव्य हो, लेकिन दर्शकों की भावनाओं और पात्रों की छवि का भी उतना ही ध्यान रखा जाना चाहिए।
क्यों टला ‘रामायण: पार्ट-1’ का ट्रेलर?
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि ‘रामायण: पार्ट-1’ का ट्रेलर फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। उनके मुताबिक, Sony Pictures Entertainment के साथ नई साझेदारी के बाद ट्रेलर को वैश्विक स्तर पर लॉन्च करने की योजना बनाई जा रही है। इसी वजह से रिलीज डेट में बदलाव किया गया है। हालांकि, नई तारीख का अभी तक ऐलान नहीं किया गया है।
फैंस कर रहे नई तारीख का इंतजार
ट्रेलर टलने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार नई रिलीज डेट जानने की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजर मेकर्स की अगली आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है।

