मुबंई। बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह ने पोस्ट-कोविड दौर में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे हासिल करना हर स्टार के बस की बात नहीं। रणवीर अब दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 3700 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाले पहले भारतीय पुरुष सुपरस्टार बन गए हैं।
‘धुरंधर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद रणवीर सिंह का ग्लोबल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 3785 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। इस उपलब्धि ने उन्हें मौजूदा दौर के सबसे बड़े थिएटर सुपरस्टार्स की लिस्ट में टॉप पर ला खड़ा किया है।
‘83’ से शुरू हुआ था पोस्ट-कोविड सफर
बता दें कोविड के बाद रणवीर सिंह की थिएटर वापसी फिल्म 83 से हुई थी। भारतीय क्रिकेट टीम की 1983 वर्ल्ड कप जीत पर बनी इस फिल्म में रणवीर ने कपिल देव का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया था। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 184.36 करोड़ रुपये का बिजनेस किया और रणवीर की एक्टिंग को जबरदस्त सराहना मिली। इसके बाद रणवीर ने लगातार अलग-अलग किरदारों के जरिए खुद को एक वर्सेटाइल स्टार के रूप में साबित किया।
फ्लॉप फिल्मों के बाद भी नहीं टूटा स्टारडम
रणवीर की जयेशभाई जोरदार और सर्कस बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाईं। हालांकि फिल्मों की कमाई भले कम रही हो, लेकिन रणवीर की एनर्जी, स्क्रीन प्रेजेंस और एक्सपेरिमेंटल किरदारों ने दर्शकों को लगातार आकर्षित किया।
‘रॉकी और रानी…’ ने फिर चमकाया करियर
फिर आई रॉकी और रानी की प्रेम कहानी… जिसने रणवीर के करियर को नई उड़ान दी। रोमांस, कॉमेडी और इमोशन से भरपूर इस फिल्म ने दुनियाभर में 348.89 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म में रणवीर की कॉमिक टाइमिंग, इमोशनल एक्टिंग और करिश्माई अंदाज ने दर्शकों को एक बार फिर उनका दीवाना बना दिया।
‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी बनी गेम चेंजर
रणवीर सिंह के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बनी धुरंधर फ्रेंचाइजी। पहली फिल्म ने 1354.84 करोड़ रुपये का रिकॉर्डतोड़ कारोबार किया और हिंदी सिनेमा के कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। इसके बाद धुरंधर 2 ने सफलता का नया इतिहास रच दिया। फिल्म महज 55 दिनों में 1833.56 करोड़ रुपये का ग्लोबल कलेक्शन कर चुकी है और अब भी थिएटर्स में शानदार प्रदर्शन कर रही है।
शाहरुख और प्रभास को छोड़ा पीछे
पोस्ट-कोविड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के मामले में रणवीर सिंह ने कई बड़े सुपरस्टार्स को पीछे छोड़ दिया है।
- रणवीर सिंह – 3785.35 करोड़
- शाहरुख खान – 2704.07 करोड़
- प्रभास – 2393.29 करोड़
यह आंकड़े साफ बताते हैं कि थिएटर ऑडियंस के बीच रणवीर सिंह की पकड़ लगातार मजबूत होती जा रही है।
क्यों खास है रणवीर की सफलता?
रणवीर सिंह की सबसे बड़ी ताकत उनकी बहुमुखी एक्टिंग और रिस्क लेने की क्षमता मानी जा रही है। एक तरफ वह बायोपिक में गंभीर किरदार निभाते हैं, तो दूसरी तरफ मास एंटरटेनर फिल्मों में भी पूरी तरह फिट बैठते हैं। पोस्ट-कोविड दौर में जहां कई स्टार्स थिएटर ऑडियंस को वापस लाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, वहीं रणवीर ने लगातार बड़े पर्दे पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और बॉक्स ऑफिस पर नया बेंचमार्क सेट कर दिया।

