भोपाल: मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान पर करीब 20 साल से रिश्ते में होने और उनकी पत्नी पर प्रताड़ना के आरोप लगाने वाली रश्मि भाटिया अब अपने ही बयान से पलट गई हैं। उन्होंने नया वीडियो जारी कर सफाई दी है कि पहले वायरल हुआ वीडियो और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखा गया पत्र उन्होंने ही तैयार किया था, लेकिन उस समय वह मानसिक तनाव और फ्रस्ट्रेशन में थीं। उन्होंने कहा कि मंत्री और उनके परिवार से उनके अच्छे संबंध हैं और उनका मकसद किसी को बदनाम करना नहीं था।
रश्मि ने नए वीडियो में कहा कि जब वह परेशान थीं, तब उनसे पिछला वीडियो बन गया। हालांकि, वह वीडियो सोशल मीडिया पर कैसे वायरल हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि उनके नए बयान को स्वीकार किया जाए। रश्मि के मुताबिक, नागर सिंह चौहान और उनकी पत्नी अनीता चौहान से उनके सामान्य और अच्छे संबंध हैं। दोनों परिवारों के बीच भी पुराने संबंध हैं।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र पर भी दी सफाई
रश्मि ने मुख्यमंत्री को लिखे उस पत्र को लेकर भी सफाई दी, जो पहले वायरल हुआ था। उन्होंने स्वीकार किया कि पत्र उन्होंने ही लिखा था, लेकिन उस समय वह परेशान थीं। अब वह स्पष्ट करना चाहती हैं कि मंत्री के साथ उनके संबंध वैसे नहीं हैं, जैसा पहले वीडियो और पत्र के जरिए सामने आया था।
उन्होंने नागर सिंह चौहान की तारीफ करते हुए उन्हें अच्छा नेता और जनप्रतिनिधि बताया। रश्मि ने कहा कि मंत्री की क्षेत्र में साफ-सुथरी छवि है और वह हमेशा लोगों की मदद करते हैं। अलीराजपुर की जनता उन्हें पसंद करती है और कई बार चुनाव जिताकर अपना समर्थन जता चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले का इस्तेमाल मंत्री की छवि खराब करने के लिए किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई पंचतत्व में विलीन, जैत में हुआ अंतिम संस्कार
पहले वीडियो में किए थे गंभीर दावे
बता दें कि रश्मि भाटिया ने अपने पहले वीडियो में अपना नाम रश्मि नागर सिंह चौहान बताया था। उन्होंने दावा किया था कि मंत्री नागर सिंह चौहान के साथ उनके करीब 20 साल से संबंध हैं। साथ ही उन्होंने रतलाम-झाबुआ से भाजपा सांसद और मंत्री की पत्नी अनीता चौहान पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे।
हालांकि, नागर सिंह चौहान ने महिला के आरोपों को झूठा बताया था। अब रश्मि के नए वीडियो के बाद इस पूरे मामले में उनका रुख बदल गया है।

