उज्जैन: भगवान शिव और विष्णु पर कथित अश्लील टिप्पणी को लेकर उत्तर प्रदेश की बिरहा गायिका रुचि यादव की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
मामले को लेकर अब उज्जैन में भी विरोध के स्वर उठने लगे हैं। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने गायिका के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
समाज ने सरकार से ईशनिंदा के मामलों में सजा का कानून बनाने की मांग की है। साथ ही रुचि यादव को उम्रकैद की सजा देने की मांग भी उठाई है।
रुचि का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
रुचि का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह भगवान शिव और विष्णु को लेकर अश्लील टिप्पणी कर रही हैं। इतना ही नहीं, कार्यक्रम में बैठा कोई व्यक्ति ब्राह्मण समाज को लेकर भी टिप्पणी कर रहा है, जिस पर रुचि ठहाके लगाती हैं। ब्राह्मण समाज इसे भगवान और समाज का अपमान मानता है।
गलत भाषा का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं
समाज के अध्यक्ष पुजारी महेश शर्मा ने कहा कि उनके संज्ञान में गायिका का वीडियो आया है। इसमें कविता के नाम पर अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। भगवान शिव और विष्णु के अंगों को लेकर अनुचित टिप्पणियां की गई हैं। देवी-देवताओं के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
यह ईशनिंदा है और इस मामले में केस दर्ज होना चाहिए। उन्होंने सरकार से ईशनिंदा के लिए सजा का प्रावधान करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे देवी-देवताओं का अपमान करने की घटनाएं रुकें।
यूपी के महेशगंज थाने में एफआईआर दर्ज
इस मामले में उत्तर प्रदेश के महेशगंज थाने में स्वर्ण आर्मी की शिकायत पर रुचि यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक पर अपलोड किए गए एक वीडियो में भगवान शिव और भगवान विष्णु के प्रति अभद्र एवं आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इससे धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कहते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें: हाईकोर्ट की पुलिस विभाग को फटकार, DGP की 6 याचिकाएं खारिज; 60 हजार जुर्माना लगाया
मायावती पर गीत को लेकर भी हुआ था विवाद
रुचि यादव प्रतापगढ़ जिले के कोहंडौर क्षेत्र की निवासी बताई जाती हैं। इससे पहले फरवरी में होली के बिरहा गीत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ कथित आपत्तिजनक गीत गाने को लेकर भी विवाद हुआ था। उस समय प्रदेश के कई जिलों में बसपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था।

