जबलपुर: मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने सिवनी में पुलिस बस की टक्कर से कार सवार तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस विभाग को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने मुआवजा राशि घटाने की मांग को लेकर पुलिस महानिदेशक (DGP) की ओर से दायर सभी छह याचिकाएं खारिज कर दीं। साथ ही प्रत्येक याचिका पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। कोर्ट ने पीड़ित परिवारों को राहत देते हुए दो मामलों में मुआवजा राशि भी बढ़ा दी।
पुलिस के तर्क को कोर्ट ने बताया हास्यास्पद
मामला 5 अप्रैल 2024 का है। सिवनी जिले के केवलारी थाना क्षेत्र में पुलिस बस और टाटा नेक्सन कार की टक्कर हो गई थी। हादसे में कार सवार मंडला निवासी चालक काजू महोबिया, निखिलेश जसवानी और कन्हैया जसवानी की मौत हो गई थी। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का आदेश दिया था।
इस फैसले को चुनौती देते हुए पुलिस विभाग ने छह याचिकाएं दायर की थीं। वहीं मृतकों के परिजनों ने मुआवजा बढ़ाने के लिए तीन अपीलें लगाई थीं।
सुनवाई के दौरान पुलिस विभाग ने दावा किया कि पीड़ितों ने जरूरत नहीं होने के बावजूद नागपुर में इलाज कराया और अधिक मेडिकल बिल पेश किए। उनका उपचार मंडला जिला अस्पताल में भी हो सकता था। पुलिस ने दुर्घटना में कार चालक की सह-लापरवाही का तर्क देते हुए मुआवजा घटाने की मांग की।
सह-लापरवाही साबित करने के लिए सबूत नहीं
हाईकोर्ट ने पुलिस विभाग की दलीलों को खारिज करते हुए कहा कि सह-लापरवाही साबित करने के लिए पुलिस ने कोई स्वतंत्र जांच नहीं कराई। न ही जांच अधिकारी या पुलिस बस के चालक का बयान दर्ज कराया गया। पुलिस ने कार के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने का दावा किया, लेकिन उसे भी अदालत के रिकॉर्ड पर पेश नहीं किया।
कोर्ट ने टिप्पणी की कि पुलिस महानिदेशक विभाग के प्रमुख हैं। उनके अधीन हेड कांस्टेबल से लेकर थाना प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारी तक काम करते हैं। इसके बावजूद विभाग अपने दावे के समर्थन में जरूरी साक्ष्य पेश नहीं कर सका। इसे पुलिस विभाग और उसके अधिकारियों की लापरवाही बताया गया।
इलाज कहां कराना है, यह नागरिक का अधिकार
एकलपीठ ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपनी क्षमता और उपलब्धता के अनुसार बेहतर इलाज कराने का अधिकार है। वह कहां उपचार कराएगा, यह पुलिस विभाग की इच्छा पर निर्भर नहीं हो सकता। नागपुर में इलाज कराने और अधिक मेडिकल बिल पेश करने पर पुलिस की आपत्ति को कोर्ट ने हास्यास्पद और मनमानी थोपने जैसा बताया।
ये भी पढ़ें: 2030 तक बदल जाएंगी नौकरियों की स्किल्स, 93% भारतीय कंपनियां अपनाएंगी AI एजेंट्स
दो मामलों में 16.55 लाख रुपये मुआवजा बढ़ाया
कोर्ट ने मृतक निखिलेश जसवानी की पत्नी दीप्ति जसवानी की अपील स्वीकार करते हुए भविष्य की संभावित आय के मद में 25 प्रतिशत वृद्धि मंजूर की। इससे मुआवजे में 12 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई।
वहीं मृतक चालक पुरुषोत्तम उर्फ काजू महोबिया की मासिक आय 10 हजार रुपये के बजाय 12,410 रुपये निर्धारित की गई। इससे उनके परिजनों को मिलने वाले मुआवजे में 4 लाख 55 हजार रुपये की वृद्धि की गई।
अदालत ने निर्देश दिया कि अतिरिक्त मुआवजे की राशि 10 साल के लिए मासिक आय योजना या बैंक में निवेश की जाए। लाभार्थी इस पर मिलने वाला मासिक ब्याज निकाल सकेंगे, लेकिन 10 साल तक मूलधन नहीं निकाल पाएंगे।
इसके अलावा राज्य सरकार को प्रत्येक याचिका पर 10 हजार रुपये जुर्माना यानी कुल 60 हजार रुपये जमा करने और दावेदारों को प्रत्येक मामले में 10 हजार रुपये मुकदमे के खर्च के रूप में देने का आदेश दिया गया।

