उज्जैन: इंदौर रोड स्थित महामृत्युंजय द्वार चौराहे पर डिवाइडर बनने के बाद रास्ता बंद होने का मामला एक बार फिर गरमा गया है। 10 दिन बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर रविवार दोपहर करीब 1 बजे महेश विहार सहित आसपास की 25 कॉलोनियों के रहवासी सांसद अनिल फिरोजिया के निवास पहुंचे।
रहवासियों ने रास्ता खुलवाने और आवाजाही की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की। तय समय सीमा पूरी होने के बाद रहवासियों ने अब अपनी मांग को लेकर सांसद से मुलाकात की।
पुरानी आवागमन व्यवस्था बहाल करने की मांग
यहां रहवासियों ने चौराहे पर पुरानी आवागमन व्यवस्था बहाल करने और ट्रैफिक सिग्नल के साथ सुरक्षित कट देने की मांग उठाई। सांसद के निवास के बाहर बड़ी संख्या में एकत्रित होकर लोगों ने अपनी परेशानी भी बताई।
रहवासियों का कहना है कि डिवाइडर बनने से चौराहे पर रास्ता बंद हो गया है। सर्विस रोड से नानाखेड़ा की ओर जाने के लिए शांति पैलेस चौराहे से घूमकर जाना पड़ रहा है। इससे करीब दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है।
सड़क पार करने में हो रही परेशानी
रहवासियों के मुताबिक, स्कूल बस संचालकों ने भी इस क्षेत्र में बसें भेजने से मना कर दिया है। ऐसे में बच्चों को सड़क पार करने और स्कूल पहुंचने में दिक्कत हो रही है। व्यापारियों और होटल-रेस्टोरेंट संचालकों ने भी कारोबार प्रभावित होने की बात कही है।
ये भी पढ़ें: सांची समारोह के लिए 6 एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव, 28-29 नवंबर को दो मिनट रुकेंगी
मांगे न मानने पर आंदोलन की चेतावनी
कॉलोनीवासी संतोष व्यास ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि लोगों की मूलभूत सुविधा से जुड़ा मामला है। रहवासी चाहते हैं कि अधिकारियों के साथ बैठकर समाधान निकले। उन्होंने कहा कि सांसद के आश्वासन पर सोमवार को होने वाली बैठक तक आंदोलन स्थगित किया गया है।
अधिकारी जो प्लान लेकर आएंगे, उसे कॉलोनीवासियों के सामने रखा जाएगा। यदि प्लान लोगों की सुविधा के अनुरूप नहीं हुआ तो सभी कॉलोनीवासी मिलकर चक्काजाम करेंगे और चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे।
रहवासियों ने यह भी स्पष्ट किया कि वे किसी नेता को इस मामले में दोषी नहीं ठहरा रहे हैं। निर्माण और यातायात व्यवस्था से जुड़े फैसले अधिकारियों के स्तर पर लिए जाते हैं। इसलिए प्रशासन को स्थानीय लोगों की जरूरतों को समझकर समाधान निकालना चाहिए।

