तेहरान: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच रूस के बेहद खास और सुरक्षित Tu-214PU एयरबोर्न कमांड विमान के ईरान पहुंचने का दावा किया जा रहा है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक यह विमान तेहरान पहुंचा है। हालांकि, इस विमान की यात्रा से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
क्या है Tu-214PU विमान की खासियत?
Tu-214PU कोई सामान्य वीआईपी विमान नहीं है। इसे रूस के बेहद संवेदनशील मिशनों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसमें अत्याधुनिक एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन सिस्टम, कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम और स्पेशल डेटा लिंक मौजूद हैं। इन तकनीकों की मदद से संकट की स्थिति में रूस का शीर्ष नेतृत्व उड़ान के दौरान भी सैन्य और सरकारी ऑपरेशन को नियंत्रित कर सकता है। इसी वजह से इसे रूस का ‘डूम्सडे प्लेन’ यानी आपातकालीन स्थिति में इस्तेमाल होने वाला कमांड विमान भी कहा जाता है।
रूसी नेतृत्व के लिए होता है इस्तेमाल
Tu-214PU को रूस की रोसिया स्पेशल फ्लाइट स्क्वाड्रन संचालित करती है। यही यूनिट राष्ट्रपति और देश के शीर्ष राजनीतिक व सैन्य अधिकारियों की विशेष उड़ानों की जिम्मेदारी संभालती है। इस विमान की गतिविधियों और मिशनों की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती। हालांकि, यूक्रेन युद्ध के दौरान इसे कई बार उड़ान भरते देखा गया है।
ईरान पहुंचने के मायने क्या?
यह विमान ऐसे समय ईरान पहुंचा है, जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव बढ़ा हुआ है। अमेरिका की ओर से ईरान के ठिकानों पर हमले और ईरान की जवाबी कार्रवाई के बीच रूस के इस कदम को रणनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि Tu-214PU की मौजूदगी यह संकेत दे सकती है कि रूस ईरान के साथ उच्च स्तर पर संपर्क बनाए हुए है।
अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ा तनाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव लगातार जारी है। अमेरिका ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है, वहीं ईरान ने जवाबी कार्रवाई में अमेरिकी ठिकानों पर हमले की बात कही है। ऐसे में रूस के विशेष कमांड विमान का ईरान पहुंचना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

