इंदौर: ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान DCP नरेंद्र रावत और राहुल गांधी की टीम के बीच नोकझोंक पर सज्जन सिंह वर्मा ने तीखा हमला बोला है ।उन्होंने कहा, कई सिंघम आए और चले गए, ये इंदौर है प्यारे इंदौर। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी और राहुल गांधी की टीम के बीच हुई कथित नोकझोंक अब सियासी बयानबाजी का मुद्दा बन गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर तीखे शब्दों में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अधिकारी के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक अदना सा अधिकारी खुद को सिंघम समझ रहा है, लेकिन उसे यह पता होना चाहिए कि सरकारें बदलती रहती हैं।
मंच पर चढ़कर पूछने लगे, इतने लोग कैसे आ रहे हैं?
सज्जन सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान अधिकारी मंच पर चढ़ गए और वहां मौजूद लोगों की संख्या को लेकर सवाल करने लगे। उन्होंने राहुल गांधी की टीम के साथ अधिकारी की कथित नोकझोंक को लेकर नाराजगी जताई और अपने बयान में अधिकारी के रवैये पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा, ‘तेरे बाप का कार्यक्रम नहीं है, राहुल गांधी का कार्यक्रम है।’ सज्जन सिंह वर्मा के इस बयान ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस अधिकारियों के व्यवहार को लेकर राजनीतिक विवाद को और तीखा कर दिया है।
ये भी पढ़े:फरीदकोट में CIA टीम की बड़ी कार्रवाई, हेरोइन के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार
अधिकारी बनाम सियासत, इंदौर में बढ़ा टकराव
राहुल गांधी के कार्यक्रम में हुई कथित नोकझोंक के बाद सज्जन सिंह वर्मा का बयान प्रशासन और कांग्रेस के बीच टकराव को लेकर सियासी चर्चा को हवा दे रहा है। ‘सिंघम’ वाले तंज से लेकर सरकार बदलने की चेतावनी तक, वर्मा ने अपने बयान में अधिकारी के रवैये पर सवाल उठाए हैं। अब सवाल यह है कि कार्यक्रम के दौरान आखिर ऐसी स्थिति क्यों बनी और पुलिस अधिकारी तथा राहुल गांधी की टीम के बीच हुई नोकझोंक की वास्तविक वजह क्या थी?

