नई दिल्ली:कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ अब भारत में हार्पर कॉलिन्स इंडिया प्रकाशित करेगा। प्रकाशक ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है। किताब भारत में 10 नवंबर 2026 से बिक्री के लिए उपलब्ध होगी।
प्रेम, पहचान और कर्तव्य पर केंद्रित है संस्मरण
हार्पर कॉलिन्स के मुताबिक, ‘बिलॉन्गिंग’ एक निजी संस्मरण है, जिसमें प्रेम, पहचान, कर्तव्य और अपनत्व जैसे विषयों के जरिए सोनिया गांधी के जीवन और भारत से उनके जुड़ाव को सामने रखा गया है। प्रकाशक ने इसे हमारे समय के बहुप्रतीक्षित राजनीतिक संस्मरणों में शामिल बताया है।
किताब में भारत की यात्रा और उसके विकास को सोनिया गांधी के व्यक्तिगत अनुभवों और नजरिए के माध्यम से प्रस्तुत किए जाने की बात कही गई है।
पहले पेंगुइन के फैसले से सुर्खियों में आई थी किताब
सोनिया गांधी की आत्मकथा के भारत में प्रकाशन को लेकर पहले विवाद भी हुआ था। किताब के प्रकाशन अधिकार रखने वाली पेंगुइन रैंडम हाउस की भारतीय इकाई ने भारत में इसे प्रकाशित नहीं करने का फैसला किया था।
रिपोर्टों के मुताबिक, प्रकाशक की ओर से पांडुलिपि में कुछ संपादकीय बदलाव और संवेदनशील हिस्सों को हटाने का सुझाव दिया गया था। हालांकि, सोनिया गांधी ने इन बदलावों को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद भारत में किताब के प्रकाशन से पेंगुइन पीछे हट गया।
हालांकि, पेंगुइन रैंडम हाउस की अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन इकाई अल्फ्रेड ए. नॉफ दुनिया के अन्य हिस्सों में इस किताब के प्रकाशन से जुड़ी हुई है।
यह भी पढ़े: MP Weather: 9 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट, नर्मदा-मंदाकिनी उफान पर; बांधों के गेट खोले
प्रकाशन को लेकर हुई थी राजनीतिक बयानबाजी
पेंगुइन के भारत में किताब प्रकाशित करने से पीछे हटने के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच भी आरोप-प्रत्यारोप हुए थे। कांग्रेस ने फैसले के पीछे केंद्र सरकार के दबाव का आरोप लगाया था, जबकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए प्रकाशक के फैसले और उसकी ओर से की गई तथ्यों की जांच को जिम्मेदार बताया था।
अब हार्पर कॉलिन्स इंडिया के जरिए यह किताब भारत में प्रकाशित होने जा रही है। 10 नवंबर 2026 से ‘बिलॉन्गिंग’ की बिक्री शुरू होगी।

