मुबंई: स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना के चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में इस बार बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन नजर आने वाले हैं। शो का नया प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है। प्रोमो में वरुण की एक्टिंग से लेकर उनकी सिग्नेचर स्माइल तक पर जमकर मजाक किया गया। खास बात यह रही कि वरुण ने भी इन जोक्स को बेहद स्पोर्टिंग अंदाज में लिया और खुद हंसते नजर आए।
शो का फॉर्मेट ही ऐसा है, जहां कंटेस्टेंट्स के साथ-साथ मेहमानों और जज पैनल पर भी बेबाक कॉमेडी देखने को मिलती है। इससे पहले कई बॉलीवुड सेलेब्स शो में पहुंच चुके हैं। अब वरुण धवन की एंट्री ने नए एपिसोड को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।
कंटेस्टेंट से बातचीत के दौरान वरुण की खिंचाई
प्रोमो में वरुण धवन एक कंटेस्टेंट से बातचीत करते नजर आते हैं। वे उसे एक्टिंग करके दिखाने और अपने टैलेंट का इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं। इस पर कंटेस्टेंट वरुण से ही एक्टिंग के टिप्स मांगने लगता है।
मौका मिलते ही पैनल में बैठे कॉमेडियन्स वरुण की टांग खींचना शुरू कर देते हैं। एक कॉमेडियन मजाक में कहता है कि कंटेस्टेंट तो किसी तरह एक्टिंग कर लेगा, लेकिन “वरुण भाई का क्या होगा?”
इस पंचलाइन पर स्टूडियो में मौजूद दर्शक जोर-जोर से हंसने लगते हैं। वरुण भी नाराज होने के बजाय इस मजाक का पूरा मजा लेते हैं और हंसते हुए नजर आते हैं।
समय ने की वरुण की सिग्नेचर स्माइल की कॉपी
प्रोमो का सबसे मजेदार हिस्सा तब आता है, जब वरुण धवन समय रैना को स्टेज पर बुलाते हैं। वरुण मजाक में कहते हैं कि दोनों आपस में लड़ें, क्योंकि शो उनका है और उन्हें तो यहां पैसे भी नहीं मिल रहे।

इसके बाद समय माहौल को और मजेदार बनाते हुए जानवरों की नकल करने का आइडिया देते हैं। फिर वह अचानक वरुण धवन की सिग्नेचर स्माइल की कॉपी करने लगते हैं।
समय के एक्सप्रेशन देखकर पूरा स्टूडियो ठहाकों से गूंज उठता है। खुद वरुण भी अपनी नकल देखकर हंसी नहीं रोक पाते। प्रोमो में दोनों के बीच की यह मजेदार केमिस्ट्री दर्शकों को काफी पसंद आ रही है।
नेटफ्लिक्स पर आएगा एपिसोड
नेटफ्लिक्स इंडिया ने सोशल मीडिया पर एपिसोड का प्रोमो शेयर किया है। इसके बाद फैंस के बीच पूरे एपिसोड को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। वरुण धवन का बेबाक अंदाज और समय रैना की कॉमेडी इस एपिसोड को खास बना सकती है।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का वरुण धवन वाला एपिसोड 4 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा। अब दर्शकों को इंतजार है कि प्रोमो में दिखी यह मस्ती पूरे एपिसोड में किस तरह आगे बढ़ती है।

