मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और मॉडल-अभिनेत्री समरीन कौर इन दिनों अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने समरीन पर आरोप लगाया कि वह प्रसिद्धि और पैसे के लिए अर्शदीप को डेट कर रही हैं। इन टिप्पणियों के बाद समरीन ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए ट्रोलर्स को जवाब दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर महिलाओं को लेकर होने वाली सोच और लोगों के दोहरे रवैये पर सवाल उठाए।
समरीन बोलीं- हर हाल में महिलाओं को जज किया जाता है
समरीन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि सोशल मीडिया पर लोगों का रवैया काफी विरोधाभासी है। अगर कोई अपने रिश्ते को निजी रखता है, तो लोग कहते हैं कि उसे अपने पार्टनर पर गर्व नहीं है। वहीं, अगर कोई खुलकर अपने प्यार का इजहार करता है, तो उस पर फेम पाने के लिए ऐसा करने का आरोप लगा दिया जाता है।
उन्होंने आगे लिखा कि अगर किसी महिला के अपने स्टैंडर्ड्स और पसंद हैं, तो उसे स्वार्थी कहा जाता है। वहीं, अगर वह किसी से सच्चा प्यार करती है, तो उसके रिश्ते को लेकर भी तरह-तरह की बातें बनाई जाती हैं। समरीन के मुताबिक, सोशल मीडिया पर लोग हर स्थिति में महिलाओं को जज करने का कोई न कोई तरीका ढूंढ लेते हैं।
17 साल की उम्र से कर रही हूं काम
समरीन ने अपनी आर्थिक आत्मनिर्भरता का जिक्र करते हुए कहा कि वह 17 साल की उम्र से काम कर रही हैं और अपना खर्च खुद उठाती आई हैं। उन्होंने बताया कि वह 20 से ज्यादा देशों की यात्रा कर चुकी हैं और अपनी जिंदगी अपने दम पर बनाई है।
समरीन ने कहा कि भगवान की कृपा से वह बचपन से ही अपनी लाइफस्टाइल का खर्च खुद उठाने में सक्षम रही हैं। इसलिए उन्हें अपनी निजी जिंदगी को लेकर किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अर्शदीप को अपनी जिंदगी का खास हिस्सा बताते हुए कहा कि वह ऐसे पार्टनर को पाकर खुद को खुशकिस्मत मानती हैं। साथ ही उन्होंने ट्रोल करने वालों से कहा कि जिन्हें उनकी पोस्ट पसंद नहीं हैं, वे उनका सोशल मीडिया पेज छोड़ सकते हैं।
अर्शदीप सिंह भी आए पार्टनर के समर्थन में
समरीन की पोस्ट के बाद अर्शदीप सिंह ने भी उनका खुलकर समर्थन किया। उन्होंने समरीन की इंस्टाग्राम स्टोरी को री-शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें अपनी पार्टनर पर गर्व है और वह बहुत मजबूत हैं।

अर्शदीप ने ट्रोलर्स को सलाह देते हुए कहा कि जो लोग उनके रिश्ते को लेकर बेवजह परेशान हो रहे हैं, उन्हें थोड़ा ब्रेक लेना चाहिए। उन्होंने ‘जियो और जीने दो’ का संदेश देते हुए कहा कि लोगों को दूसरों की जिंदगी में दखल देने के बजाय प्यार बांटना चाहिए और दुनिया को बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए।
अर्शदीप ने समरीन को साफ दिल और प्यार करने वाली इंसान बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी पार्टनर मिलने के लिए वह भगवान के शुक्रगुजार हैं।
यह भी पढ़ें: TI दिलीप पुरी हत्याकांड में ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार, डिप्टी CM बोले- किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
जुलाई 2026 में किया था रिश्ते का खुलासा
बता दें कि अर्शदीप सिंह और समरीन कौर ने जुलाई 2026 में सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद से दोनों की निजी जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा होती रही है। अब समरीन और अर्शदीप के इस जवाब को उनके रिश्ते के समर्थन और निजी जिंदगी में दखल देने वालों के खिलाफ एक स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

