देवास: मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शराब से भरे ट्रक को भी जब्त कर लिया है। इस घटना के बाद प्रदेश में शराब तस्करी और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भरोसा दिलाया है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
अवैध शराब से भरे ट्रक को रोकने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात खातेगांव TI दिलीप पुरी को सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। इसके बाद उन्होंने पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस की कई टीमें संदिग्ध वाहन की तलाश में जुटी थीं।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया और ट्रक का पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल TI को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
ड्राइवर गिरफ्तार, तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और उसके चालक को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रक में अवैध शराब भरी हुई थी और उसे हरदा से इंदौर होते हुए गुजरात ले जाया जा रहा था। अब पुलिस शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपेंद्र जैन को सौंपी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय वास्तव में क्या हुआ और क्या चालक ने जानबूझकर वाहन आगे बढ़ाया था।
ये भी पढ़ें: खातेगांव TI के परिवार को सरकार की मदद, पत्नी को SI पद पर अनुकंपा नियुक्ति और एक करोड़ की आर्थिक सहायता
जगदीश देवड़ा बोले- दोषियों को सलाखों के पीछे भेजेंगे
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने TI दिलीप पुरी की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दिलीप पुरी ने पूरी निष्ठा, बहादुरी और समर्पण के साथ पुलिस सेवा में अपना कर्तव्य निभाया। उन्होंने घटना की गहन जांच का भरोसा देते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार प्रत्येक दोषी को सलाखों के पीछे भेजेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी घटना की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से दिवंगत TI की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति और परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

