संजू सैमसन बने ICC ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’, वर्ल्ड कप जीत में धमाकेदार प्रदर्शन का मिला बड़ा इनाम

चेन्नई। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपने करियर के सबसे शानदार दौर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है। उन्हें मार्च महीने के लिए ICC ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। सैमसन ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की खिताबी जीत में निर्णायक भूमिका निभाई, जहां उन्होंने लगातार तीन हाई-इम्पैक्ट पारियां खेलकर मैच का रुख पलट दिया।

टीम को दिलाई जीत

टूर्नामेंट के निर्णायक मुकाबलों में संजू सैमसन का बल्ला पूरी तरह हावी रहा, जहां उन्होंने दबाव भरे पलों में शानदार और असरदार पारियां खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। क्वार्टर फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाकर उन्होंने भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ फिर 89 रन बनाकर टीम को चैंपियन बनाया। उनके इस लगातार प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट का ‘गेम चेंजर’ बना दिया।

बड़े खिलाड़ियों को पछाड़कर जीता अवॉर्ड

बता दें इस अवॉर्ड की रेस में जसप्रीत बुमराह और साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन जैसे खिलाड़ी भी शामिल थे, लेकिन सैमसन ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर सभी को पीछे छोड़ते हुए यह खिताब अपने नाम किया।

अवॉर्ड मिलने के बाद सैमसन ने कहा कि- “यह उनके क्रिकेट सफर का सबसे यादगार समय है। उन्होंने टीम के साथियों और कोचिंग स्टाफ का आभार जताते हुए कहा कि उनके भरोसे और सपोर्ट ने ही उन्हें लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की ताकत दी।”

नया ‘मैच विनर’ बनकर उभरे

वहीं इस वर्ल्ड कप में सैमसन का प्रदर्शन सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने दबाव के पलों में खुद को साबित किया। उनकी पारियों ने यह दिखा दिया कि वह अब सिर्फ एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी नहीं, बल्कि बड़े मंच के भरोसेमंद मैच विनर बन चुके हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *