भोपाल। मध्य प्रदेश के लोकप्रिय नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की देर रात अचानक से सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। शुक्रवार की रात में ही भोपाल 74 बंगला और दिल्ली स्थित उनके आवासों पर सुरक्षा बढ़ाकर एनएसजी के कामन्डरों को तैनात कर िदिया गया है।
फिलहाल किसी विशेष खतरे को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। केंद्र और राज्य सरकारें समन्वय के साथ यह सुनिश्चित कर रही हैं कि केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे। लेकिन ऐसे कयास जरूर लगाए जा रहे हैं कि शिवराज सिंह चौहान की यह सुरक्षा अचानक बढ़ाना कहीं कोई उन्हें मिलने वाली किसी जिम्मेदारी का संकेत तो नहीं है ? क्या उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है? यह सवाल इसीलिए भी उठ रहा है क्योंकि लंबे समय से भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर कवायद चल रही है, इसी बीच शिवराज सिंह चौहान का नाम भी सामने आ चुका है। हलांकि अभी तक यह गोपनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था क्यों बढ़ाई है तो यह तो भविष्य ही तय करेगा।
भोपाल में 74 बंगला क्षेत्र स्थित बी-8 आवास के चारों ओर अतिरिक्त पुलिस बल एनएसजी के कामाण्डो की तैनाती की गई है। श्री चौहान के आवासों के बाहर बैरिकेडिंग की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए निगरानी मजबूत की गई है। वहीं आवास के आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस गश्त तेज कर दी गई है।
दिल्ली में भी बढ़ी सुरक्षा
इसी तरह दिल्ली स्थित केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सरकारी आवास की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। यह सुरक्षा जेड प्लस दी गई है जो कि विशेष नेताओं को ही मिलती है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा समीक्षा के बाद अतिरिक्त बल तैनात किया है और प्रोटोकॉल के लिए जरूरी सभी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस मामले में मध्य प्रदेश के डीजीपी, दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) और मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मंत्री की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की बढ़ाई गई सुरक्षा? भोपाल और दिल्ली निवास पर तैनात किए कमांडो


