जबलपुर: डुमना एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी को एक और झटका लगा है। करीब साढ़े चार सौ करोड़ रुपए की लागत से विस्तारित किए गए डुमना एयरपोर्ट से इंडिगो ने एक महत्वपूर्ण उड़ान बंद करने का फैसला किया है।
जानकारी के मुताबिक, जबलपुर से इंदौर होते हुए हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट को 24 अक्टूबर से बंद किया जाएगा। विंटर शेड्यूल में इस उड़ान को शामिल नहीं किया गया है। यह जबलपुर और इंदौर के बीच संचालित होने वाली एकमात्र फ्लाइट थी। ऐसे में इसके बंद होने से दोनों शहरों के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
यात्रियों को दूसरे परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ेगा
फ्लाइट सेवा बंद होने के बाद इंदौर जाने वाले यात्रियों को अब सड़क मार्ग या दूसरे परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ेगा। यात्रियों के लिए यह फैसला इसलिए भी अहम है, क्योंकि एयरपोर्ट विस्तार के बाद बेहतर हवाई कनेक्टिविटी की उम्मीद की जा रही थी।
186 सीट का बड़ा एयरक्राफ्ट चलाने की तैयारी
डुमना एयरपोर्ट से हैदराबाद के बीच चलने वाली फ्लाइट में इजाफा किया जा रहा है। अभी इस रूट पर 78 सीट का विमान संचालित होता है। इसे बदलकर 186 सीट का बड़ा एयरक्राफ्ट चलाने की तैयारी है। इंडिगो अधिकारियों के मुताबिक छोटे एटीआर विमान के मेंटेनेंस के चलते जबलपुर-इंदौर फ्लाइट बंद की जा रही है।
ये भी पढें: मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कल एम्स गेट नंबर 2 पर जनकल्याण शिविर, एक ही जगह होगा समस्याओं का समाधान
व्यापार और उद्योग पर पड़ेगा असर
व्यापारिक गतिविधियों में समय महत्वपूर्ण होता है। व्यापारी कम समय में दूसरे शहरों तक पहुंचने के लिए विमान सेवा का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में जबलपुर-इंदौर सीधी उड़ान बंद होने से उन्हें लंबी सड़क यात्रा करनी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि फ्लाइट से इंदौर पहुंचने में करीब दो घंटे लगते हैं। उड़ान बंद होने के बाद सड़क मार्ग से आने-जाने में अधिक समय लगेगा। इसका असर व्यापार और कारोबार पर पड़ेगा।

