नई दिल्ली: IndiGo से घरेलू उड़ान में सफर करने वाले यात्रियों को अब कुछ अतिरिक्त सुविधाओं के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। एयरलाइन ने Infant Travel, Extra Baggage, Priority Check-in और Boarding, Unaccompanied Minor जैसी कई सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी की है। हालांकि, यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि Base Fare में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
शिशु के सफर पर अब ₹3,000 चार्ज
नए शुल्क के अनुसार, किसी वयस्क के साथ यात्रा करने वाले तीन दिन से अधिक और दो साल तक की उम्र के शिशु के लिए अब ₹3,000 देने होंगे। पहले इसके लिए ₹2,000 का शुल्क लिया जाता था। यानी सीधे ₹1,000 की बढ़ोतरी हुई है।
शिशु को अलग सीट नहीं दी जाएगी और उसे साथ यात्रा कर रहे वयस्क की गोद में बैठकर सफर करना होगा। एक वयस्क यात्री के साथ केवल एक शिशु यात्रा कर सकता है। यह शुल्क टिकट बुकिंग के समय देना होगा और एयरलाइन बच्चे की उम्र से जुड़ा वैध दस्तावेज भी मांग सकती है।
Extra Baggage पर प्रति किलो ₹100 ज्यादा
तय सीमा से ज्यादा सामान लेकर जाने वाले यात्रियों की जेब पर भी असर पड़ेगा। घरेलू उड़ानों में Excess Baggage Charge को ₹700 प्रति किलो से बढ़ाकर ₹800 प्रति किलो कर दिया गया है। यानी निर्धारित सीमा से अतिरिक्त हर एक किलो सामान पर अब ₹100 ज्यादा चुकाने होंगे।
यह भी पढ़े: 3.76 करोड़ की डिजिटल अरेस्ट ठगी का खुलासा, गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार
अकेले सफर करने वाले बच्चों की सर्विस भी महंगी
बिना माता-पिता या अभिभावक के यात्रा करने वाले बच्चों के लिए उपलब्ध Unaccompanied Minor Service का शुल्क ₹5,000 से बढ़ाकर ₹5,999 कर दिया गया है। यह सुविधा एयरलाइन के निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों के अनुसार उपलब्ध होती है।
Priority Check-in और Priority Boarding के संयुक्त शुल्क को ₹450 से बढ़ाकर ₹650 कर दिया गया है। यात्रियों को इस सुविधा के लिए अब ₹200 अतिरिक्त खर्च करने होंगे। इसके अलावा Travel Certificate जारी करने का शुल्क भी ₹200 से बढ़ाकर ₹300 कर दिया गया है।
इन बदलावों से IndiGo का सामान्य टिकट किराया सीधे प्रभावित नहीं होगा, लेकिन अतिरिक्त सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों के सफर की कुल लागत बढ़ जाएगी।

