ऑटो में बैठना पड़ा भारीः रास्ता बदलकर कब्रिस्तान ले गए बदमाश, युवक से लूटकर हुए फरार

भोपाल। देर रात ऑटो से घर लौटना एक युवक को उस समय भारी पड़ गया जब उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। रेलवे स्टेशन से लौट रहे युवक को घर छोड़ने का भरोसा दिलाकर ऑटो चालक उसे सुनसान कब्रिस्तान में ले गया, जहाँ पहले से मौजूद उसके दो साथी घात लगाए बैठे थे। युवक के उतरते ही तीनों ने उसे घेर लिया, मारपीट की और उससे मोबाइल व करीब 5 हजार रुपये लूटकर अंधेरे में गायब हो गए।
घटना शाहजहांनाबाद इलाके की है। जानकारी के अनुसार अल्पना तिराहे से युवक ने सामान्य ऑटो यात्रा समझकर वाहन रोका था। लेकिन थोड़ी ही देर में चालक ने रास्ता बदल दिया। विरोध करने पर उसने धमकाया और सुनसान कब्रिस्तान पहुंचते ही अपने साथियों को बुला लिया। उसी स्थान पर वारदात को अंजाम दिया गया।
लूट के बाद युवक ने किसी तरह पुलिस तक पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान में जुटी है। यह घटना एक बार फिर रात में अकेले सफर करने वालों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। ट्रेन छूटने के बाद दूसरा साधन तलाश रहे युवक को अपराधियों ने आसान शिकार समझकर लूट लिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *