भोपाल/देवास: जिले के पुंजापुरा में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ में शामिल राइडर्स से वर्चुअली संवाद किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35.42 लाख हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक से 212.57 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए।
दीपेश गोटी ने PM मोदी को बताए यात्रा के अनुभव
कार्यक्रम के दौरान शाजापुर जिले के राइडर दीपेश गोटी ने प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत की और यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान अलग-अलग राज्यों के युवाओं से मिलने, उनकी भाषा और संस्कृति को समझने का मौका मिल रहा है। गोटी ने प्रधानमंत्री को बताया कि यात्रा के दौरान सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों से भी मुलाकात की जा रही है। स्थानीय लोगों से व्यापार और रोजगार को लेकर संपर्क भी बढ़ाया जा रहा है।

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश के युवाओं में व्यापार और स्वरोजगार को लेकर बढ़ती रुचि का जिक्र किया। यात्रा में ‘माय प्रॉमिस टू मोदी जी’ पहल के तहत सेवा से जुड़े 25 कार्य निर्धारित किए गए हैं।
35.42 लाख पेंशन हितग्राहियों को ₹212.57 करोड़
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35.42 लाख हितग्राहियों के बैंक खातों में 212.57 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, परिवहन और पुलिस भर्ती से जुड़े विषयों पर भी सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
कर्णावद में पुलिस सहायता केंद्र बनेगा थाना
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने देवास जिले के कर्णावद पुलिस सहायता केंद्र को पुलिस थाने में बदलने की घोषणा की। इसके साथ पुलिसकर्मियों के लिए आवास की व्यवस्था और सरकारी गोदाम के निर्माण के लिए आवश्यक राशि देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस विभाग में करीब 18 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। वहीं अलग-अलग विभागों को मिलाकर सरकार की ओर से कुल 85 हजार नए पदों पर भर्ती की बात भी कही गई।
25 सितंबर से बस सेवा शुरू करने की बात
सीएम मोहन यादव ने कहा कि लंबे समय से बंद राज्य परिवहन व्यवस्था के तहत 25 सितंबर से बसों का संचालन फिर शुरू करने की तैयारी है। इसके तहत शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों और दूसरे राज्यों तक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

स्कूल शिक्षा का बजट ₹38 हजार करोड़
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को लेकर कहा कि सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, स्कूटी, साइकिल, किताबें और स्कॉलरशिप जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने स्कूल शिक्षा के लिए करीब 38 हजार करोड़ रुपए का बजट तय किया है।

सेवा संकल्प बाइक यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर निकाली जा रही है। यात्रा में 250 बाइकों पर करीब 500 सेवा यात्री शामिल हैं और अलग-अलग स्थानों पर सेवा, जनसंवाद और राष्ट्रीय एकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

