Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsहाकी की नर्सरी से निकले सितारे मस्कट में दिखाएंगे दम

हाकी की नर्सरी से निकले सितारे मस्कट में दिखाएंगे दम

भारतीय हॉकी के इतिहास में मध्यप्रदेश की पहचान हमेशा शानदार कौशल, कलात्मक खेल और बेहतरीन खिलाड़ियों की धरती के रूप में रही है। खासकर भोपाल को ‘भारतीय हॉकी की नर्सरी’ कहा जाता है, जिसने देश को अनेक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं।

यह गौरवशाली परंपरा आज भी पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। इसका ताजा प्रमाण यूथ हॉकी एशियन चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में मध्यप्रदेश राज्य हॉकी अकादमी के चार खिलाड़ियों-आयुष रजक, करण गौतम, महक परिहार और नौशीन नाज़का चयन है।

20 से 25 जुलाई तक ओमान के मस्कट में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों की समान भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की खेल नीति, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था और प्रतिभा संवर्धन की योजनाएं सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं। यह उपलब्धि केवल चार खिलाड़ियों की सफलता नहीं, बल्कि पूरे खेल तंत्र की सामूहिक मेहनत और दूरदर्शी सोच का परिणाम है।

इन खिलाड़ियों ने हाल ही में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। भारतीय पुरुष टीम ने खिताब जीता, जबकि महिला टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। महिला टीम की फॉरवर्ड नौशीन नाज़ ने पूरे टूर्नामेंट में 12 गोल दागकर सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया। यह उपलब्धि भारतीय हॉकी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत तस्वीर पेश करती है। हालांकि, प्रतिभाओं को केवल सम्मान और बधाइयों तक सीमित नहीं रखा जा सकता।

उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, खेल विज्ञान का सहयोग, अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर और आर्थिक सुरक्षा जैसी सुविधाएं लगातार मिलनी चाहिए। अक्सर शुरुआती सफलता के बाद संसाधनों की कमी खिलाड़ियों की प्रगति को प्रभावित करती है। यदि इस चुनौती का समय रहते समाधान किया जाए, तो मध्यप्रदेश आने वाले वर्षों में भारतीय हॉकी का सबसे बड़ा प्रतिभा केंद्र बन सकता है।

यह सुखद संकेत है कि प्रदेश की खेल अकादमियां अब केवल खिलाड़ी तैयार नहीं कर रहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के विजेता गढ़ रही हैं। यह मॉडल अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायक है। मस्कट में होने वाली यूथ हॉकी एशियन चैंपियनशिप मध्यप्रदेश की खेल संस्कृति, प्रशिक्षण प्रणाली और प्रतिभा विकास की एक महत्वपूर्ण परीक्षा भी होगी। पूरे प्रदेश की निगाहें इन चार युवा खिलाड़ियों पर हैं।

उम्मीद है कि वे अपने शानदार प्रदर्शन से भारत को पदक दिलाएंगे और यह साबित करेंगे कि जब प्रतिभा को सही मार्गदर्शन, बेहतर अवसर और निरंतर समर्थन मिलता है, तब विश्व मंच पर सफलता केवल सपना नहीं, बल्कि साकार होने वाली हकीकत बन जाती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन