रतलाम: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात झाबुआ-रतलाम सीमा के पास वाहनों पर पथराव हुआ। रात करीब 10:30 बजे गुजरात और झाबुआ की ओर से आ रहे करीब आधा दर्जन वाहनों पर अचानक पत्थर फेंके गए। इससे तीन कारों के कांच टूट गए और दो यात्रियों को चोट आई।
पथराव के बाद वाहन चालक धामनोद टोल नाके पर पहुंचे और घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही रावटी, शिवगढ़ और दीनदयाल नगर थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यात्रियों से घटना की जानकारी ली, घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया और एक्सप्रेसवे पर सर्चिंग की। झाबुआ पुलिस से भी संपर्क कर घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई गई।
पत्थर कार के सामने वाले कांच पर लगा
व्यवसायी संस्कार कोठारी ने बताया कि थांदला से आगे रतलाम सीमा के पास अचानक वाहनों पर पत्थर आने लगे। एक पत्थर उनकी कार के सामने वाले कांच पर लगा। चालक ने वाहन नहीं रोका और धामनोद टोल नाके तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि वाहन रुकने पर लूट जैसी घटना का खतरा हो सकता था।
इस घटना में भाजपा जिला अध्यक्ष के वाहन के साथ शहर के एक व्यापारी परिवार की कार भी क्षतिग्रस्त हुई है।
यह भी पढ़ें : ट्रैक पर काम का असर: भोपाल मंडल की 20 ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में रद्द, इंटरसिटी-श्रीधाम-राज्यरानी भी शामिल
30 किलोमीटर हिस्से में पहले भी पथराव
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के मध्य प्रदेश वाले करीब 30 किलोमीटर हिस्से में पहले भी वाहनों पर पथराव की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि शनिवार रात कई वाहनों पर पथराव की सूचना मिली थी। पुलिस ने एक्सप्रेसवे की सर्चिंग की है और मामले की जांच जारी है।
पथराव रोकने के लिए रतलाम और झाबुआ पुलिस रात में गश्त के साथ ड्रोन से निगरानी भी कर रही है। इसके बावजूद घटनाएं सामने आने से एक्सप्रेसवे के इस हिस्से में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

