नई दिल्ली: महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के एक होने की अटकलों के बीच केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 15 और 16 नवंबर को पुणे के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनकी भाजपा, एनसीपी और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात होने की संभावना है। शाह का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।
अमित शाह 15 नवंबर को पुणे जिले के तालेगांव दाभाड़े में नेशनल हेवी इंजीनियरिंग कोऑपरेटिव लिमिटेड (NHECL) की पुनरुद्धार परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह पुणे के मुंढवा स्थित भारत फोर्ज की इकाई का दौरा करेंगे। रविवार रात उनके पुणे में रुकने का कार्यक्रम है। इस दौरान महायुति गठबंधन के प्रमुख नेताओं से उनकी मुलाकात हो सकती है।
16 नवंबर को अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण
अमित शाह 16 नवंबर को पुणे जिला परिषद परिसर में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी के दिवंगत नेता अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम में एनसीपी के विधायक, मंत्री, सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। पार्टी नेताओं को फोन के जरिए कार्यक्रम की सूचना दी गई है।
एनसीपी सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने प्रतिमा के अनावरण के लिए अमित शाह से अनुरोध किया था। कार्यक्रम के दौरान महायुति गठबंधन और एनडीए से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
सुनेत्रा और पार्थ ने दिल्ली में शाह से की थी मुलाकात
अमित शाह का यह दौरा सुनेत्रा पवार और उनके बेटे एवं सांसद पार्थ पवार की दिल्ली में हुई मुलाकात के कुछ दिन बाद हो रहा है। इस बैठक में एनसीपी को महाराष्ट्र सरकार में वित्त मंत्रालय दोबारा सौंपने और दोनों गुटों के संभावित विलय पर चर्चा होने की खबरें सामने आई थीं।
इसके बाद एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी अमित शाह से मुलाकात की थी। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, दिलीप वलसे पाटिल, मंत्री छगन भुजबल और हसन मुश्रीफ तथा पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे शामिल थे। बैठक में पार्टी के कामकाज और वरिष्ठ नेताओं तथा युवा नेतृत्व के बीच बढ़ती दूरी पर चर्चा होने की बात सामने आई थी।
सुप्रिया सुले ने विलय की बातचीत से किया इनकार
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले ने दोनों गुटों के विलय को लेकर किसी नए प्रस्ताव या बातचीत से इनकार किया है।
गुरुवार को उन्होंने कहा कि अजित पवार के जीवित रहते दोनों गुटों के बीच विलय को लेकर बातचीत चल रही थी, लेकिन 28 जनवरी को विमान हादसे में उनके निधन के बाद उनके लिए यह मुद्दा खत्म हो गया। सुले ने स्पष्ट किया कि उन्हें विलय का कोई नया प्रस्ताव नहीं मिला है और इस संबंध में उनसे किसी ने बातचीत भी नहीं की है।
अजित पवार ने फरवरी में विलय की तारीख बताई थी
एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने हाल ही में कहा था कि अजित पवार के जीवित रहते दोनों गुटों के विलय पर बातचीत चल रही थी। उन्होंने दावा किया कि अजित पवार ने उन्हें विलय की संभावित तारीख भी बताई थी। उनके मुताबिक, विमान हादसे में अजित पवार का निधन नहीं हुआ होता तो फरवरी में दोनों गुट एक हो सकते थे।
इस बीच शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उनका हालचाल जाना था। इसके बाद एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने उनसे मुलाकात की। सांसद पार्थ पवार भी लगातार दो दिन मुंबई स्थित शरद पवार के आवास सिल्वर ओक पहुंचे थे। इन घटनाओं के बाद दोनों गुटों के बीच फिर से नजदीकी बढ़ने और विलय की संभावनाओं को लेकर अटकलें तेज हो गईं।
ये भी पढ़ें: कैंसर की 137 दवाओं पर सरकार सख्त, अस्पतालों और मेडिकल स्टोर पर होगी निगरानी
फडणवीस बोले- विलय पर भाजपा को जानकारी देनी होगी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की चर्चाओं पर कहा कि इस बारे में शरद पवार और सुनेत्रा पवार ही स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को अभी तक ऐसे किसी प्रस्ताव या फैसले की जानकारी नहीं दी गई है।
फडणवीस के मुताबिक, अगर दोनों गुट विलय का फैसला करते हैं तो उन्हें भाजपा को इसकी जानकारी देनी होगी, क्योंकि एनसीपी महायुति गठबंधन का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस मुद्दे पर दोनों पक्षों की ओर से भाजपा को कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है।

