बालाघाट। जिला सेन समाज बालाघाट द्वारा समाज के मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 14 जून, रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से भटेरा रोड स्थित शीतल पैलेस में आयोजित होगा, जिसमें समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
कई प्रमुख अतिथि करेंगे शिरकत
जानकारी अनुसार, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बालाघाट-सिवनी सांसद भारती पारधी उपस्थित रहेंगी। वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री गौरीशंकर बिसेन, विधायक वैशाली नगर भिलाई रीकेश सेन, भारतीय सेन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामस्वरूप सेन, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा उपाध्यक्ष जमना सेन, रायसेन नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन तथा युवा सेन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष भोला सेन विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सेन (नाई) समाज के अध्यक्ष सत्यनारायण श्रीवास करेंगे।
बैठक में बनी आयोजन की रूपरेखा
बता दें प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर हाल ही में भरवेली में समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और समाज के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
शिक्षा और प्रतिभा को मिलेगा मंच
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज के उन छात्र-छात्राओं का सम्मान करना है जिन्होंने शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज का नाम रोशन किया है। इससे युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
अधिक से अधिक उपस्थिति की अपील
वहीं समिति ने समाज के सभी वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं एवं विद्यार्थियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

