इत्र छिड़ककर छात्राओं को फांसने वाला ‘तांत्रिक आशिक’ गिरफ्तार, पास से मिली तंत्र-मंत्र की किताब

शेयर करे

अशोकनगर । जिले में छात्राओं का पीछा करने और उन पर इत्र छिड़ककर प्रभावित करने की कोशिश करने वाला कथित तांत्रिक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी के पास से तंत्र-मंत्र की किताब मिली।
अशोकनगर जिले में एक अजीबोगरीब और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक युवक तांत्रिक बनकर स्कूली छात्राओं को अपने प्रेमजाल में फंसाने की कोशिश कर रहा था। कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को सलूजा टावर के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से इत्र की शीशी और तंत्र-मंत्र संबंधी पुस्तक बरामद हुई, जिससे उसके गतिविधियों पर और संदेह गहरा गया।
पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय आरोपी विशाल रघुवंशी स्कूली छात्राओं पर इत्र छिड़ककर उन्हें मानसिक रूप से प्रभावित करने की कोशिश करता था। वह अक्सर स्कूल की वैन का दूर तक पीछा करता था और रास्ते में छात्राओं के साथ अशोभनीय हरकतें भी करता था। लगातार पीछा किए जाने से डरी छात्राओं ने यह बात अपने परिवारों को बताई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने योजना बनाकर आरोपी को पकड़ लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी स्वयं को तांत्रिक बताता था और गले में कई तरह की मालाएं पहनकर घूमता था। पुलिस जांच कर रही है कि वह तंत्र-मंत्र का इस्तेमाल बहकावे के लिए करता था या यह सिर्फ एक दिखावा था। पुलिस ने आरोपी को एसडीएम कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वह किसी बड़े गिरोह से जुड़ा तो नहीं था और छात्राओं को फंसाने के पीछे उसकी असली मंशा क्या थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *