पंजाब। लुधियाना में सबसे महंगे टोल प्लाजा लाडोवाल पर देर रात करीब साढ़े 10 बजे फायरिंग का मामला सामने आया है। जिसके बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। गनीमत रही कि गोली किसी टोल कर्मी के लगी नहीं और उनका बचाव हो गया। । इस घटना के बाद अब टोल पर काम करने वाले कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर डर का माहौल बन गया है। यह घटना सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई।
जानें पूरा मामला
कार चालक और टोलकर्मियों के बीच VIP लाइन में जाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने गंभीररूप ले लिया। मामला यहा तक बढ़ गया कि कार सवार कुछ लोगों ने टोलकर्मियों पर फायरिंग कर दी। टोल कर्मियों ने भी अपने बचाव में डंडे आदि उठाए। गोलियां चलने की आवाज सुनकर टोल बूथों में बैठे अन्य कर्मचारी भी बाहर आ गए, जिसके बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। बता दें XUV कार में सवार हमलावर VIP लाइन से जाने की जिद कर रहे थे और खुद को किसी विभाग के चेयरमेन बता रहे थे। जब टोल कर्मी ने उनसे ID कार्ड मांगा तो गुस्से में आकर उन्होंने टोल कर्मियों पर गोलियां चला दी।
टोल कर्मी ने दी जानकारी
टोल कर्मी कुलजीत सिंह ने कहा कि- VIP लाइन में एक XUV गाड़ी लुधियाना से फिल्लोर की तरफ जान के लिए आई। गाड़ी में सवार लोग बिना टैक्स दिए गाड़ी निकालने की जिद कर रहे थे। गाड़ी में 7 से 8 लोग बैठे थे। उनसे जब वीआईपी कार्ड मांगा तो उन्होंने कोई कार्ड नहीं दिखाया और खुद को किसी विभाग का चेयरमैन बताया। उनके साथ के लोग जबरदस्ती गेट खुलवाकर गाड़ी ले जाने लगे तो उन्हें रोक लिया। गुस्से में आकर हमलावरों ने मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने टोल कर्मियों पर सीधी गोलियां चलानी शुरू कर दी। हमलावरों ने 4 से 5 फायर किए। किसी तरह भाग कर हमने अपनी जान बचाई।
पुलिस जांच तेज
घटना की सूचना तुरंत थाना लाडोवाल की पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है।
panjab


