खेल का मैदान बना युद्धस्थल : बॉल की जगह सर पर चला बैट, मारपीट का वीडियो वायरल

शेयर करे

जोधपुर। क्रिकेट खेलने को लेकर एमबीएम कॉलेज परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली कहासुनी अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। खेल का मैदान देखते ही देखते रणभूमि बन गया। जो बैट और बॉल खेल के लिए थे, वही हथियार बन गए। छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में 6 छात्र घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

दरअसल जोधपुर के एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड में क्रिकेट खेलने की बात को लेकर छात्रों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। प्रथम वर्ष और तृतीय वर्ष के छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए और खेल का मैदान युद्ध का मैदान बन गया, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बल्ले और विकेट से जमकर हमला किया।

इस मारपीट में कुल 6 छात्र घायल हुए हैं, जिनमें से एक छात्र को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झगड़े की पूरी तस्वीर साफ नजर आ रही है।

सूचना मिलने पर रातानाडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू की। थाना अधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि- दोनों पक्षों की ओर से परस्पर मुकदमे दर्ज करवाए गए हैं। परिवादी ओम मीणा और रोहित कुमार की ओर से मामले दर्ज किए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।