इंदौर: मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी एक बार फिर इंदौर पुलिस की जांच के दायरे में हैं। सट्टा-मटका मामले में पुलिस उनके मोबाइल से मिले डिजिटल सुरागों के आधार पर नेटवर्क की आगे की कड़ियों की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर नाना पटवारी को दोबारा हिरासत में लेकर पूछताछ की जा सकती है।
जांच के दौरान नाना पटवारी के मोबाइल से दो ऑनलाइन सट्टा एप से जुड़े डिजिटल सुराग मिलने की बात सामने आई है। नाना ने क्रिकेट बेटिंग के लिए सौम्य प्रीत शिंदे से आईडी ली थी। बाद में संबंधित आईडी और एप को डिलीट कर दिया गया था। पुलिस इन्हीं डिजिटल सुरागों के आधार पर सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
नाना के मोबाइल से सामने आईं नई कड़ियां
इंदौर डीसीपी जोन-2 नरेंद्र रावत के मुताबिक, नाना पटवारी के मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारी की जांच में कई लोगों के कनेक्शन सामने आए हैं। इनमें मनीष पमनानी, पिंकेश माहेश्वरी और बंटी असरानी समेत अन्य नाम शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, नाना पटवारी को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलने के लिए एप और आईडी उपलब्ध कराने की कड़ी सौम्य प्रीत शिंदे तक पहुंची। इसी आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को शिंदे को गिरफ्तार किया।
दुबई तक पहुंची ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की जांच
पुलिस का कहना है कि जांच में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के विदेशी कनेक्शन भी सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, नेटवर्क से जुड़े कुछ लोग दुबई और अन्य देशों में बैठे सट्टेबाजों के संपर्क में थे।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेश में बैठे सट्टेबाज किस तरह एप, वेबसाइट और लिंक अपने एजेंटों व बुकियों तक पहुंचाते थे और इस पूरे नेटवर्क में स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग सक्रिय थे।
शुक्रवार को तीन आरोपी गिरफ्तार
राजेंद्र नगर पुलिस ने शुक्रवार को राहुल निंबोला, सौम्य प्रीत शिंदे और धर्मेंद्र खींची को गिरफ्तार किया। राहुल निंबोला राजेंद्र नगर क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि सौम्य प्रीत शिंदे की भूमिका नाना पटवारी तक सट्टा एप और आईडी पहुंचाने की कड़ी के रूप में सामने आई है। वहीं, धर्मेंद्र खींची को रावजी बाजार क्षेत्र का पुराना बदमाश बताया गया है।
पुलिस धर्मेंद्र खींची और राहुल निंबोला के विदेश में बैठे सट्टेबाजों से संभावित सीधे संपर्क की भी जांच कर रही है। इसके अलावा जूनी इंदौर के किक्का के कनेक्शन को भी खंगाला जा रहा है।
अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुके है। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले में संगठित तरीके से सट्टा संचालन से जुड़ी धाराएं और आईटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। जांच के दौरान सामने आए अन्य नामों और उनकी भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
नाना पटवारी की भूमिका की जांच जारी
नाना पटवारी का नाम सट्टा नेटवर्क की कुछ कड़ियों से जुड़ने के बाद उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिन लोगों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच आगे बढ़ने के साथ सट्टा नेटवर्क से जुड़े कुछ और नाम सामने आने की संभावना है।

