मुरैना: कृष्णा बिहार कॉलोनी में चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोरों ने BJP के प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक और एडवोकेट लोकेन्द्र सिंह तोमर के घर को निशाना बनाया। 16 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर घर के ताले तोड़कर करीब 4 लाख रुपए का माल चोरी कर ले गए। इसमें 45 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर शामिल हैं। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूना घर देखकर तोड़े ताले
लोकेन्द्र सिंह तोमर के माता-पिता किसी काम से गांव गए हुए थे। घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान चोरों ने ताले तोड़े और अंदर घुस गए। उन्होंने घर का सामान खंगाला और कीमती चीजें लेकर फरार हो गए। परिजनों के लौटने पर टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर चोरी का पता चला।
चोरों ने घर में रखा लोहे का बक्सा तोड़ दिया। उसमें रखे 45 हजार रुपए नकद, सोने की झुमकी, सोने की अंगूठी और चांदी की दो जोड़ी पायल चोरी कर लीं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई गई है।
ये भी पढ़ें: ‘जय लंकेश’ के जयकारों से गूंजता है विदिशा का ये गांव, दशहरे पर रावण बाबा को मानते हैं ग्राम देवता
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध नजर आए
थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने बताया कि कृष्णा बिहार कॉलोनी में चोरी हुई है। लोकेन्द्र सिंह तोमर के माता-पिता के गांव से लौटने पर घटना की जानकारी मिली।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जांच के दौरान बाइक पर जाते कुछ संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर तलाश में जुटी है।

