भोपाल: विशेष अदालत ने चरस तस्करी के मामले में तीन दोषियों को 11-11 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने तीनों पर एक-एक लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना नहीं भरने पर उन्हें 6 महीने का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।
विशेष न्यायाधीश एवं 24वें अपर सत्र न्यायाधीश डॉ. मुकेश मलिक की अदालत ने सलमान खान निवासी शाहजहानाबाद भोपाल, सोनू कुमार और वीर किशोर साहनी उर्फ अंजनी, दोनों निवासी पश्चिमी चंपारण बिहार, को NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत दोषी मानते हुए सजा सुनाई।
मुखबिर की सूचना पर तीनों को पकड़ा था
मामला 17 अक्टूबर 2023 का है। भोपाल क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कोच फैक्ट्री के पीछे भानपुर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर दो लोग चरस लेकर किसी का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक सूरज रंधावा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। वहां दो लोग एक अन्य व्यक्ति के साथ एक्टिवा के पास खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तीनों ने एक्टिवा से भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
एक्टिवा की डिग्गी से मिले थे 20 पैकेट
पुलिस ने एक्टिवा की तलाशी ली तो डिग्गी में सफेद प्लास्टिक की बोरी मिली। इसके अंदर भूरे रंग के टेप में लिपटे 20 पैकेट रखे थे।
पैकेट खोलने पर काले रंग का गंधयुक्त पदार्थ मिला। पुलिस ने इसे जब्त कर जांच के लिए FSL भोपाल भेजा। जांच रिपोर्ट में पदार्थ के चरस होने की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार, बरामद चरस का वजन करीब 10 किलो 100 ग्राम था। पैकिंग सामग्री सहित इसका वजन 10 किलो 946 ग्राम दर्ज किया गया था।
यह भी पढ़ें: उप डाक घर बचत खाते में गड़बड़ी, 11 लाख के घोटाले में आरोपियों को सजा
जांच के बाद कोर्ट में पेश किया गया चालान
क्राइम ब्रांच ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। जांच और FSL रिपोर्ट मिलने के बाद विशेष NDPS कोर्ट में अभियोग पत्र पेश किया गया।
मामले में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक मनोज त्रिपाठी और विक्रम सिंह ने पैरवी की। सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने तीनों को दोषी ठहराते हुए 11-11 साल के सश्रम कारावास और एक-एक लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई।

