नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के 13 रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नए स्वरूप में तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन आधुनिक सुविधाओं से लैस रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण कार्यक्रम किया। सरकार इसे यात्रियों की सुविधा और शहरों के विकास की दिशा में बड़ा कदम बता रही है, वहीं विपक्ष और कुछ लोग इसे लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।
MP के 13 रेलवे स्टेशनों को मिला नया स्वरूप
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मध्य प्रदेश के कई रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया गया है। इनमें विदिशा, सांची, टीकमगढ़, बालाघाट, भिंड और छिंदवाड़ा समेत अन्य स्टेशनों को नई सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं, साफ-सफाई, आधुनिक डिजाइन और बेहतर यात्री अनुभव देने की कोशिश की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया लोकार्पण कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नए स्वरूप में तैयार रेलवे स्टेशनों को प्रदेश को समर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
रेलवे स्टेशन बनेंगे शहरों के नए प्रवेश द्वार
अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को सिर्फ यात्री सुविधा केंद्र नहीं, बल्कि शहरों की पहचान के रूप में विकसित करना है। सरकार का कहना है कि ,आधुनिक रेलवे स्टेशन शहरों की छवि सुधारने और यात्रियों को बेहतर अनुभव देने में मदद करेंगे।
विकास को लेकर उठ रहे सवाल
हालांकि, रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प के साथ ही शहरों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि, जहां रेलवे स्टेशन आधुनिक बनाए जा रहे हैं, वहीं कई शहरों में सड़क, सफाई, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति अभी भी चुनौती बनी हुई है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि, केवल रेलवे स्टेशन चमकाने से शहरों का संपूर्ण विकास नहीं हो सकता, इसके लिए जमीनी स्तर पर भी सुधार जरूरी है।
सरकार की पहल और जनता की उम्मीदें
अमृत भारत स्टेशन योजना को केंद्र सरकार रेलवे के आधुनिकीकरण की बड़ी पहल के तौर पर पेश कर रही है। वहीं, जनता की उम्मीद है कि रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ शहरों की सड़कों, सफाई व्यवस्था और अन्य सुविधाओं में भी तेजी से सुधार किया जाए। अब देखना होगा कि रेलवे स्टेशनों का यह नया स्वरूप शहरों के व्यापक विकास की दिशा में कितना प्रभावी साबित होता है।

