आज मुख्यमंत्री मोहन यादव का जन्मदिन केवल शुभकामनाओं का अवसर नहीं है, बल्कि उनके लगभग ढाई वर्षों के शासनकाल को नए दृष्टिकोण से देखने का भी एक महत्वपूर्ण क्षण है। यह वह दौर रहा है, जिसमें कभी उनकी कार्यशैली का मोहनी अंदाज दिखाई दिया, तो कभी एक कुशल और सख्त प्रशासक की छवि उभरकर सामने आई। राजनीति में यह अवधि भले बहुत लंबी न हो, लेकिन नेतृत्व की दिशा और सोच को समझने के लिए पर्याप्त संकेत अवश्य देती है। अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. मोहन यादव ने विकास और निवेश को गति देने की बात बार-बार कही। प्रदेश में उद्योग, अधोसंरचना और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने के प्रयासों के साथ उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और संवेदनशील बनाने की कोशिश भी की। कई मौकों पर भ्रष्ट और गैरजिम्मेदार अधिकारियों पर की गई कार्रवाइयों ने यह स्पष्ट किया कि सरकार केवल नीतियों की घोषणा तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि व्यवस्था को अनुशासित और सक्रिय बनाने के लिए कठोर निर्णय लेने को भी तैयार है। यही वह पक्ष था, जिसने उन्हें एक सख्त प्रशासक के रूप में स्थापित किया। साथ ही, उनकी शैली में एक ऐसा पक्ष भी दिखाई दिया, जिसने राजनीति को केवल कठोरता तक सीमित नहीं रहने दिया। कई अवसरों पर जनता के बीच सहजता से पहुंचना, अचानक निरीक्षण करना और संवाद करना, यह सब उनके मोहनी अंदाज का हिस्सा माना गया। यही कारण है कि कई बार वे एक ऐसे नेता के रूप में सामने आए, जो प्रशासन पर नियंत्रण भी रखता है और जनभावनाओं से जुड़ने का प्रयास भी करता है।
कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर भी उनका रुख अपेक्षाकृत सख्त नजर आया। आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और निगरानी बढ़ाने जैसे कदमों ने यह संकेत दिया कि शासन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और अनुशासित बनाने का प्रयास जारी है। कई जिलों में की गई कार्रवाइयों ने यह संदेश दिया कि अपराध और अव्यवस्था को सामान्य मान लेने की प्रवृत्ति को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि, इस पूरे परिदृश्य के बीच कुछ गंभीर चुनौतियां अभी भी प्रदेश के सामने मौजूद हैं। बेरोजगारी, किसानों की आय में स्थिरता, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर ठोस और स्थायी परिणामों की अपेक्षा बनी हुई है। जनता चाहती है कि योजनाओं और घोषणाओं का असर केवल भाषणों, कागजों या मंचों तक सीमित न रहे, बल्कि गांवों और शहरों के सामान्य जनजीवन में स्पष्ट रूप से महसूस भी हो। डा. यादव की कार्यशैली का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी रहा कि वे कई बार बिना पूर्व सूचना के मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते दिखाई दिए। इससे प्रशासनिक तंत्र को सतर्क रहने का संदेश मिला। लेकिन किसी भी सरकार की असली परीक्षा समय के साथ होती है, जब निर्णयों का असर स्थायी बदलाव के रूप में सामने आता है। मुख्यमंत्री के जन्मदिन के इस अवसर पर यह कहा जा सकता है कि बीते ढाई वर्षों का यह कालखंड कई मायनों में संकेतों से भरा रहा है। कहीं सख्ती का संदेश, कहीं संवाद की शैली और कहीं विकास के बड़े सपनों की झलक। इन सबके बीच डा. मोहन यादव कई बार मोहनी अंदाज़ वाले नेता, तो कई बार दृढ़ प्रशासक के रूप में नजर आए। आने वाला वक्त ही तय करेगा कि उनका यह संतुलन, सख्ती और सहजता का अंदाज प्रदेश की राजनीति और प्रशासन को किस दिशा में ले जाता है। यदि यही गति, जवाबदेही और जनसरोकार आगे भी बने रहते हैं, तो संभव है कि उनके कार्यकाल के ये ढाई साल भविष्य में मध्यप्रदेश की राजनीति के एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में याद किए जाएं।
-मिलिंद ठाकरे

