जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ से इलाके में तनाव का माहौल है। मजालता तहसील के पहाड़ी क्षेत्र खुबन में बुधवार देर रात संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद शुरू हुआ तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों की ओर से भारी गोलीबारी के साथ रॉकेट भी दागे जाने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक और अपुष्ट जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ में दो आतंकियों के मारे जाने की सूचना है, हालांकि खबर लिखे जाने तक सुरक्षा एजेंसियों को दोनों के शव बरामद नहीं हुए थे और पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम मजालता तहसील मुख्यालय से रामकोट-बिलावर मार्ग की ओर खुबन इलाके में सुरक्षा बलों को कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा बलों ने बेहद सतर्कता के साथ आसपास के इलाकों की घेराबंदी की।
देर रात तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों का संदिग्ध आतंकियों से आमना-सामना हो गया। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। अंधेरे और पहाड़ी इलाके का लाभ उठाने की कोशिश कर रहे आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा बलों ने निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिया।
गोलीबारी के बीच रॉकेट से भी कार्रवाई
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई। जानकारी के मुताबिक आतंकियों के संभावित ठिकानों की ओर रॉकेट भी दागे गए। लगातार गोलीबारी के कारण सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह घेरकर रखा है, ताकि आतंकी घेराबंदी तोड़कर भाग न सकें।
प्रारंभिक जानकारी में मुठभेड़ के दौरान दो आतंकियों के मारे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, सुरक्षा बलों द्वारा अभी तक दोनों के शव बरामद किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में आतंकियों की मौत की जानकारी को फिलहाल आधिकारिक पुष्टि होने तक प्रारंभिक सूचना के तौर पर ही देखा जा रहा है।
ड्रोन से निगरानी, इलाके में सघन तलाशी
मुठभेड़ के बीच सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। ड्रोन के माध्यम से भी संदिग्ध गतिविधियों और आतंकियों के संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। पहाड़ी भूभाग, घने जंगल और रात का समय होने के कारण अभियान में सुरक्षा बलों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है।
अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और अन्य सुरक्षा बलों की टीमें संयुक्त रूप से शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियां इलाके के संभावित ठिकानों और आने-जाने वाले रास्तों की भी जांच कर रही हैं।
7-8 आतंकियों की मौजूदगी की मिली थी सूचना
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक मजालता के खुबन इलाके में पिछले कुछ समय से आतंकियों के एक समूह की मौजूदगी को लेकर इनपुट मिल रहे थे। इनपुट में क्षेत्र में करीब सात से आठ आतंकियों के छिपे होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, इस सूचना की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बल इस संभावना को ध्यान में रखते हुए अभियान चला रहे हैं कि इलाके में और भी आतंकी छिपे हो सकते हैं। यही वजह है कि घेराबंदी को फिलहाल बनाए रखा गया है और तलाशी अभियान लगातार जारी है।

