इंदौर:इंदौर के साउथ तोड़ा इलाके में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बन गई। स्थिति को देखते हुए मौके पर 80 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, जबकि निगम की 100 से ज्यादा कर्मचारियों की टीम कार्रवाई में जुटी थी।
एडिशनल डीसीपी को दिया धक्का, जमीन पर गिरे
कार्रवाई के दौरान एक युवक ने एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल को कथित तौर पर धक्का दे दिया। धक्का लगने से एडिशनल डीसीपी अपना संतुलन खो बैठे और जमीन पर गिर गए। इसके बाद पुलिस ने युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। घटना के बाद पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच तनाव और बढ़ गया।
हंगामे के बाद 6 हिरासत में, कार्रवाई की चेतावनी
घटना के बाद पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने हंगामा करने और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। वहीं, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

