सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघनतराई गांव में स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया है। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे बॉयलर का ट्यूब फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसने कुछ ही पलों में काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय प्लांट में करीब 40 से 50 मजदूर मौजूद थे, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई।
9 की मौत, कई घायल
शुरुआत में 3 मजदूरों की मौत की सूचना सामने आई थी, लेकिन जैसे-जैसे रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ा, मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई। कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पतालों और हायर सेंटर रेफर किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायलों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
रेस्क्यू टीम एक्टिव
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और प्लांट के भीतर फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास लगातार जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक प्रफुल ठाकुर ने पुष्टि की है कि हादसा बॉयलर ट्यूब फटने के कारण हुआ है, हालांकि पूरी स्थिति स्पष्ट होने में अभी समय लग सकता है।
सेफ्टी सिस्टम पर सवाल
इस बड़े हादसे के बाद प्लांट की सेफ्टी व्यवस्था और इंडस्ट्रियल प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआती संकेतों के अनुसार, बॉयलर में तकनीकी खराबी या मेंटेनेंस की कमी इस दुर्घटना का कारण हो सकती है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी, ताकि जिम्मेदारी तय की जा सके।
हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षित करते हुए निगरानी बढ़ा दी है। साथ ही, प्रभावित परिवारों को सहायता देने और घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।


