नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में सरकारी राशन को लेकर ग्रामीणों की परेशानी सामने आई है। ग्राम पंचायत कुसमी सागौरिया के ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें पिछले करीब छह महीनों से सरकारी राशन नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक राशन की पर्ची जारी कर रिकॉर्ड में एंट्री तो कर दी गई, लेकिन उन्हें वास्तविक रूप से अनाज नहीं दिया गया।
राशन नहीं मिलने से परेशान ग्रामीण
राशन की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने नरसिंहपुर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का कहना है कि कई महीनों से राशन नहीं मिलने के कारण उनके सामने रोजमर्रा के भोजन का संकट खड़ा हो गया है। शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ये भी पढ़े दिल्ली लक्ष्मी योजना: 4 हजार महिलाओं को आज मिला लाभार्थी पत्र, 1 सितंबर से खाते में आएंगे 2500 रुपये
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर पात्र हितग्राहियों को उनका राशन दिलाने की मांग की है। उनका आरोप है कि रिकॉर्ड में राशन वितरण दर्ज होने के बावजूद उन्हें खाद्यान्न नहीं मिल रहा है।
बुजुर्ग और दिव्यांग भी परेशान
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में ऐसे परिवार भी हैं, जिनके लिए सरकारी राशन ही भोजन का प्रमुख सहारा है। बुजुर्ग और दिव्यांग हितग्राहियों को भी राशन नहीं मिलने से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
त्योहार से पहले मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
रक्षाबंधन और कजलियों के त्योहार के बीच ग्रामीण परिवारों की परेशानी और बढ़ गई है। गांव की महिलाओं और अन्य ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की अपील करते हुए सरकारी राशन उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे भी त्योहार अपने परिवार के साथ ठीक से मनाना चाहते हैं, लेकिन कई महीनों से राशन नहीं मिलने के कारण आर्थिक और खाद्य संकट का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जांच के बाद राशन वितरण में कथित अनियमितता सामने आएगी और पात्र परिवारों को उनका लंबित राशन मिल सकेगा।

