नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की ओर से घोषित दिल्ली लक्ष्मी योजना अब धरातल पर लागू हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता नें 26 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पहले चरण के करीब 4,000 लाभार्थी महिलाओं को लाभार्थी पत्र बांटे गए। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
1 अगस्त से शुरू हुई पंजीयन प्रक्रिया
सरकार के मुताबिक, योजना के लिए पंजीयन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू की गई थी। मंगलवार रात 8 बजे तक 9,20,590 महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 6,63,215 आवेदन अंतिम रूप से जमा किए जा चुके हैं। अब पात्रता की जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जा रहा है।
ये भी पढ़े इंदौर में बदहाल सड़क को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, 5 दिन में सुधार नहीं तो चक्का जाम की चेतावनी
1 सितंबर से खाते में आएगी राशि
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, पहले चरण में लाभार्थी पत्र पाने वाली महिलाओं के बैंक खाते और सीबीडीसी वॉलेट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 सितंबर से 2,500 रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी। सरकार का कहना है कि पात्रता प्रक्रिया पूरी करने वाली अन्य महिलाओं को भी आगे योजना का लाभ दिया जाएगा।
चुनावी वादे को पूरा करने का दावा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे को पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में महिलाओं ने योजना के लिए पंजीयन कराया है और प्रशासन लाभार्थियों से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने में जुटा है।

